ईद व जैन मुनि आगमन को लेकर प्रशासन अलर्ट ठाकुरगंज आगामी ईद पर्व अलविदा की नमाज एवं जैन मुनि के पावन आगमन को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. सभी महत्वपूर्ण अवसरों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शांति समिति की एक अहम बैठक आयोजित की गई. बैठक में एसडीपीओ मंगलेश कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी अहमर अब्दाली, थानाध्यक्ष मकसूद अहमद असरफी के अलावा चिकित्सा पदाधिकारी एवं मुख्य पार्षद सिकंदर पटेल, पूर्व मुख्य पार्शद देवकी अग्रवाल, बिजली सिंह, मिंटु मंडल, विवेक साह, अमित कुमार सिन्हा, पार्षद राहुल पासवान, राजेश करनानी, गुलाम मोहिउद्दीन, अतुल सिंह, अनिल महाराज, सलीमउद्दीन, चंद्रकांत आदि मौजूद थे. बैठक में अधिकारियों ने कहा कि आने वाले कुछ दिनों में अलविद की नमाज, ईद और जैन मुनि के आगमन के अलावे गणगौर के विसर्जन को लेकर विचार किया. इस दौरान संवेदनशील क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, लगातार गश्ती एवं निगरानी बढ़ाने का निर्णय लिया गया. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. शहर में लगातार बिगड़ती ट्रैफिक व्यवस्था पर चिंता प्रकट करते हुई अलविदा नमाज ओर ईद की नमाज को देखते हुए शहर में ट्रैफिक डायवर्शन, बैरिकेटिंग एवं नो एंट्री नियमों को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए गए. भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष निगरानी रखी जाएगी. वहीं ईदगाह, प्रमुख मार्गों एवं जैन मुनि के आगमन पथ पर साफ-सफाई सुनिश्चित करने के लिए नगर पंचायत को निर्देशित किया गया. साथ ही निर्बाध बिजली आपूर्ति एवं आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध रखने पर भी बल दिया गया. इस दौरान जैन समाज की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए जैन मुनि के मार्ग में मांस एवं मछली की दुकानों को ढकने तथा मार्ग की विशेष सफाई कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि धार्मिक गरिमा बनी रहे. अधिकारियों ने आमजनों से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें. बैठक में उपस्थित सभी वर्गों के लोगों ने प्रशासन को आश्वस्त किया कि वे ईद एवं जैन मुनि के आगमन को शांतिपूर्ण एवं सफल बनाने में पूरा सहयोग करेंगे.
शांति समिति की बैठक में सौहार्द, सुरक्षा और व्यवस्था पर व्यापक मंथन
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
