वर्ष 2022 के फूलवारी शरीफ के मामले में टीम पहुंची किशनगंज
किशनगंज.
एनआइए की दो सदस्यीय टीम शुक्रवार को किशनगंज पहुंची. सदर थाना में टीम के सदस्यों ने दो लोगों को पूछताछ के लिए बुलाया. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार किशनगंज के उतरपाली निवासी मो महफूज आलम और चूड़ीपट्टी निवासी मो आफताब को एनआइए ने पूछताछ के लिए नोटिस भेजा था. जिसमें शुक्रवार को उन्हें सदर थाना में उपस्थित होने के लिए कहा गया था. शुक्रवार को किशनगंज पहुंची टीम ने दोनों से घंटों पूछताछ की. हालांकि इस मामले को लेकर कुछ भी बताने से एनआइए की टीम परहेज कर रही है. पुलिस के अधिकारी भी कुछ भी बताने से परहेज कर रहे हैं. जिस कक्ष में पूछताछ की जा रही है, उसमें किसी को भी प्रवेश करने नहीं दिया जा रहा है. प्रक्रिया को पूरी तरह से गुप्त रखा गया है. बताया जा रहा है कि दोनों प्रतिबंधित संगठन के सक्रिय सदस्य है. गौरतलब है कि यह कार्रवाई 2022 के फुलवारी शरीफ मामले से जुड़ी है, हाल ही में सितंबर 2025 में पीएफआई के बिहार प्रदेश अध्यक्ष महबूब आलम नदवी को भी किशनगंज से ही गिरफ्तार किया गया था. उससे पहले भी किशनगंज और सीमांचल क्षेत्र में पीएफआई से जुड़े कई संदिग्धों पर एनआईए की नजर थी.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
