दो दिनों से लापता छात्रा का खेत में मिला शव

दो दिनों से लापता छात्रा का खेत में मिला शव

गला दबाकर हत्या की आशंका; पिता के बयान पर प्रेम प्रसंग में हत्या का मामला दर्ज

कोचाधामन. प्रखंड की मौधो पंचायत अंतर्गत चुनामारी सुकल रानी गांव में गुरुवार को उस वक्त सनसनी फैल गयी, जब खेत में एक किशोरी का शव बरामद हुआ. मृतका की पहचान स्थानीय निवासी मो तस्लीम की पुत्री तजल्ली प्रवीन के रूप में हुई है, जो कक्षा दसवीं की छात्रा थी. वह पिछले दो दिनों से अपने घर से रहस्यमय ढंग से लापता थी.

दो दिनों से चल रही थी तलाश, खेत में मिली लाश

बताया जाता है कि छात्रा के गायब होने के बाद से परिजन उसकी काफी खोजबीन कर रहे थे, लेकिन कहीं पता नहीं चल पा रहा था. गुरुवार को खेत की ओर गए ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी, जिसके बाद यह खबर पूरे क्षेत्र में आग की तरह फैल गई. देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गयी. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया.

प्रेम प्रसंग में हत्या की आशंका

घटना की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष रंजय कुमार सिंह ने दल-बल के साथ जांच शुरू की. प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है. आशंका जतायी जा रही है कि गला दबाकर उसकी हत्या की गयी है और साक्ष्य छुपाने की नीयत से शव को खेत में फेंक दिया गया. पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल किशनगंज भेज दिया है.

पिता के बयान पर मामला दर्ज, जांच शुरू

थानाध्यक्ष रंजय कुमार सिंह ने बताया कि मृतका के पिता मो तस्लीम के फर्द बयान के आधार पर संबंधित थाने में हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस तकनीकी साक्ष्यों व स्थानीय इनपुट के आधार पर आरोपितों की पहचान करने में जुटी है. थानाध्यक्ष ने भरोसा दिलाया कि जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा व दोषियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AWADHESH KUMAR

AWADHESH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >