समृद्धि यात्रा को लेकर अलर्ट मोड में प्रशासन, 11 मार्च को पहुंचेंगे सीएम नीतीश कुमार

समृद्धि यात्रा को लेकर अलर्ट मोड में प्रशासन, 11 मार्च को पहुंचेंगे सीएम नीतीश कुमार

डीएम-एसपी ने कृषि फार्म का लिया जायजा, सुरक्षा व हेलिपैड निर्माण को लेकर दिए निर्देश

ठाकुरगंज. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा नामांकन के बाद पहली बार अपने क्षेत्रीय दौरे के तहत ”समृद्धि यात्रा” पर निकलने की तैयारी पूरी हो गयी है. सोमवार से शुरू होने वाली इस यात्रा के दूसरे दिन, यानी मंगलवार 11 मार्च को मुख्यमंत्री का ठाकुरगंज आगमन प्रस्तावित है. मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासनिक व राजनीतिक गलियारों में सरगर्मी तेज हो गयी है. रविवार को जिला पदाधिकारी विशाल राज व पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने दलबल के साथ कार्यक्रम स्थल कृषि फार्म व निर्माणाधीन बाईपास का बारीकी से निरीक्षण किया.

सुरक्षा व व्यवस्था की हुई समीक्षा

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने हेलिपैड निर्माण, सुरक्षा घेरा, यातायात नियंत्रण, मंच व्यवस्था, मीडिया समन्वय, स्वच्छता, स्वास्थ्य शिविर, पेयजल व पार्किंग सहित सभी आवश्यक बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की. डीएम ने कार्य में लगे संबंधित विभागों को समय सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूर्ण करने का सख्त निर्देश दिया है. बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री अपनी पिछली ”प्रगति यात्रा” के दौरान की गयी घोषणाओं व जिले में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं की जमीनी हकीकत जानेंगे.

आम जनता से करेंगे सीधा संवाद

समृद्धि यात्रा का मुख्य उद्देश्य सरकार की विकास योजनाओं व उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाना है. इस दौरान मुख्यमंत्री स्थानीय परियोजनाओं का निरीक्षण करेंगे और आम लोगों से संवाद कर उनकी समस्याओं को भी सुनेंगे. मुख्यमंत्री के आगमन की खबर से सत्ताधारी दल के कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है. स्थानीय विधायक गोपाल अग्रवाल सहित अन्य नेता कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने में जुटे हैं. मौके पर ठाकुरगंज विधायक गोपाल अग्रवाल, डीडीसी, एडीएम, एसडीपीओ, डीसीएलआर, जिला शिक्षा पदाधिकारी के अलावा भवन निर्माण, पथ निर्माण विभाग के अभियंता, जीविका अधिकारी व स्थानीय बीडीओ सहित कई जिला स्तरीय पदाधिकारी मौजूद थे. सुरक्षा के मद्देनजर पूरे क्षेत्र में पुलिस बल की तैनाती व रूट चार्ट को अंतिम रूप दिया जा रहा है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AWADHESH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >