तीन दिवसीय अखंड हरिनाम संकीर्तन को ले निकली शोभा यात्रा

ठाकुरगंज प्रखंड के रसिया पंचायत अंतर्गत भाटाबाड़ी टोला में गुरुवार को भक्ति व उत्साह का माहौल देखा गया

पौआखाली ठाकुरगंज प्रखंड के रसिया पंचायत अंतर्गत भाटाबाड़ी टोला में गुरुवार को भक्ति व उत्साह का माहौल देखा गया. यहां शुक्रवार से आयोजित होने वाले तीन दिवसीय अखंड हरिनाम संकीर्तन (अष्टयाम) से एक दिन पूर्व गुरुवार दोपहर बाद अनुष्ठान स्थल से गाजे-बाजे के साथ कलश शोभायात्रा निकाली गई. इसमें भारी संख्या में महिला श्रद्धालुओं और कन्याओं ने भाग लिया. पीले वस्त्र धारण किए हुए श्रद्धालुओं ने पवित्र नदी महानंदा से जल भरकर माथे पर कलश रखकर पूरे गांव की परिक्रमा की. इस दौरान ””हरे कृष्ण-हरे राम”” के जयघोष से पूरा इलाका गूंज उठा. कलश शोभायात्रा के क्रम में पंचायत के पैक्स अध्यक्ष सह भाजपा नेता नरेश कुमार गणेश एवम जदयू अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष निरंजन सिंह द्वारा शीतल पेय उपलब्ध कराया गया. वहीं कलश स्थापना के बाद पुरोहितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अखंड संकीर्तन का संकल्प लिया गया. इसमें क्षेत्र की प्रसिद्ध कीर्तन मंडलियों को आमंत्रित किया गया है, जो अपनी मधुर प्रस्तुति से भक्त श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे. आयोजन समिति अध्यक्ष निरंजन कुमार सिंह, सचिव हीरा लाल, उपाध्यक्ष सहदेव लाल, सदस्य में प्रदीप कुमार, दिलीप कुमार, सत्यनारायण, चमक लाल, उमाशंकर, रमेश चंद्र लाल, रपत लाल, पन्नू लाल, रोहित, पर्वत लाल आदि ने बताया कि इस तरह के धार्मिक अनुष्ठान से क्षेत्र में शांति और सुख-समृद्धि आती है. संकीर्तन को लेकर भाटाबाड़ी टोला सहित आसपास के गांवों में भी काफी हर्ष का माहौल है. यहां श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की भी विशेष व्यवस्था की गई है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AWADHESH KUMAR

AWADHESH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >