मक्के की खेत से अर्धनग्न महिला का शव बरामद, सड़क जाम पोठिया किशनगंज में इंसानियत को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है. पोठिया प्रखंड के अर्राबाड़ी थाना क्षेत्र के मक्के के खेत से एक महिला की अर्धनग्न अवस्था में लाश मिलने के बाद पूरे इलाके में आक्रोश फूट पड़ा. गुस्साए ग्रामीणों ने गुरुवार को किशनगंज ठाकुरगंज मुख्य सड़क को घंटों जाम कर दिया और आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर उग्र प्रदर्शन किया. मृतक महिला की पहचान रायपुर पंचायत के वार्ड नंबर दो स्थित गांव बालूबाड़ी निवासी सनवरी खातून उम्र 40, पति अंसार आलम के रूप में हुई है. पहचान होते ही परिवार में कोहराम मच गया. बच्चों और परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है. गांव में सन्नाटा और गुस्सा दोनों एक साथ दिखा. परिजनों के अनुसार, सनवरी खातून बुधवार शाम अपनी जेठानी के साथ जलावन लाने मक्के के खेत गई थी. कुछ देर बाद जेठानी घर लौट आई, लेकिन वह वापस नहीं आई. देर रात तक इंतजार के बाद परिजनों ने खोज शुरू की. घंटों की तलाश के बाद जो दृश्य सामने आया, उसने सभी को दहला दिया. महिला का शव खेत में अर्धनग्न अवस्था में पड़ा था. परिजनों ने साफ आरोप लगाया कि पहले दुष्कर्म किया गया, फिर बेरहमी से हत्या कर दी गई. परिजनों नें दो संदिग्धों मैनुल तथा रऊफ के खिलाफ नामजद आवेदन पुलिस को दिया है. गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही शव गांव पहुंचा, गुस्सा विस्फोट बन गया. सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण सड़क पर उतर आए. शव को बीच सड़क पर रखकर किशनगंज ठाकुरगंज मुख्य सड़क पूरी तरह जाम कर दी गई. यातायात ठप हो गया. प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. एक बुजुर्ग ग्रामीण ने कहा हमारी बहू बेटी सुरक्षित नहीं हैं. अगर आज कार्रवाई नहीं हुई तो कल फिर किसी की जान जाएगी. एक महिला ने रोते हुए कहा, हम गरीब हैं, क्या हमारी इज्जत की कोई कीमत नहीं है? सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन भीड़ शांत होने को तैयार नहीं थी. हालात बिगड़ते देख एसडीपीओ मंगलेश कुमार, एसडीओ अनिकेत कुमार और किशनगंज विधायक कमरुल होदा व अन्य गणमान्य मौके पर पहुंचे. सभी नें काफी देर तक लोगों को समझाया. दोषियों के गिरफ्तारी के आश्वासन के बाद जाम को हटाया गया. एसडीपीओ मंगलेश कुमार ने कहा कि मामले को बेहद गंभीरता से लिया गया है. आवेदन में नामित एक व्यक्ति के परिजन को पूछताछ के लिए डिटेन किया गया है. वैज्ञानिक तरीके से जांच हो रही है. मुजरिम बहुत जल्द सलाखों के पीछे होगा. वही विधायक कमरुल होदा ने कहा, यह घटना समाज के लिए शर्मनाक है. दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा. पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाएगा. करीब तीन घंटे बाद प्रशासन के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए और जाम हटाया गया. फिलहाल पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है.
घटना के बाद ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ की नारेबाजी, कार्रवाई के आश्वासन से हटा जाम
किशनगंज में इंसानियत को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है
