सड़क हादसे में घायल शकील की मौत, परिजनों में कोहराम

सड़क हादसे में घायल शकील की मौत, परिजनों में कोहराम

शौक की लहर. अनियंत्रित वाहन ने फूलबाड़ी चौक पर मारी थी टक्कर, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुटी पुलिस

पौआखाली. नगर पंचायत पौआखाली के फूलबाड़ी चौक पर तीन दिनों पूर्व हुए सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं. चौक पर खड़े रहने के दौरान एक अज्ञात चार पहिया वाहन द्वारा रौंदे जाने से गंभीर रूप से घायल बहादुरगंज प्रखंड अंतर्गत मोहम्मद नगर पंचायत के केलाबाड़ी गांव निवासी शकील अहमद की बुधवार को इलाज के दौरान सिलीगुड़ी में मौत हो गयी. उनकी असामयिक मौत की खबर मिलते ही गांव-घर में शोक की लहर दौड़ गयी.

जानकारी के मुताबिक, शकील अहमद सोमवार रात करीब 8:15 बजे पौआखाली बाजार से घर लौटते वक्त सामान खरीदने के लिए फूलबाड़ी चौक पर गुलाब बेकरी के सामने सड़क किनारे खड़े ही हुए थे कि तभी पबना लेलिहा की तरफ से एक तेज रफ्तार अनियंत्रित चार पहिया 407 टाइप वाहन (बीआर 07 जीबी-3683) उन्हें जोरदार टक्कर मारते हुए फरार हो गया.

स्थानीय लोगों ने शोर मचाते हुए कई बाइकों से वाहन का पीछा किया. शॉपिंग मॉल के पास की गयी घेराबंदी को नजरअंदाज करते हुए चालक ने सड़क किनारे खड़ी एक अन्य बाइक को भी ठोकर मारी व एनएच 327ई के जरिए बहादुरगंज की दिशा में भाग निकला. लोगों ने कोचाधामन थाना क्षेत्र के महादेव दीघी तक पीछा किया, परंतु उसे रोक पाने में नाकाम रहे. घटना का सीसीटीवी और पीछा करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. गाड़ी दरभंगा जिले में निबंधित बतायी जा रही है. इस संबंध में मृतक के परिजन मुंतजिर राही ने बुधवार को पौआखाली थाने में आवेदन देकर संबंधित वाहन व चालक के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है. थानाध्यक्ष अंकित सिंह ने कहा कि आवेदन प्राप्त हुआ है, मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AWADHESH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >