भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (एसबीआई आरसेटी), किशनगंज में आयोजित महिला परिधान (विमेंस गारमेंट्स) प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुक्रवार को सफल समापन हुआ. इस अवसर पर प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाली सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य एवं स्वरोजगार के लिए शुभकामनाएं दी गयी.
मुख्य अतिथियों ने महिलाओं को किया प्रोत्साहित
समारोह के मुख्य अतिथि भारतीय स्टेट बैंक किशनगंज शाखा के चीफ मैनेजर अमित शेखर अजय तथा विशिष्ट अतिथि जीविका, किशनगंज के एलएचएस उदय कुमार थे. कार्यक्रम की अध्यक्षता एसबीआई आरसेटी के निदेशक सुजीत कुमार दास ने की. संस्थान परिवार ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र देकर स्वागत किया.
स्वरोजगार से जुड़ने का दिया संदेश
मुख्य अतिथि अमित शेखर अजय ने कहा कि महिलाओं को कौशल विकास से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना समय की आवश्यकता है. उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण से प्राप्त तकनीकी दक्षता महिलाओं को स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर देती है. साथ ही बैंक की विभिन्न ऋण एवं स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी देते हुए प्रतिभागियों से अपने कौशल को व्यवसाय का रूप देने का आह्वान किया.विशिष्ट अतिथि उदय कुमार ने कहा कि जीविका एवं एसबीआई आरसेटी के संयुक्त प्रयास से संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं. प्रशिक्षण प्राप्त महिलाएं स्वयं आत्मनिर्भर बनने के साथ अन्य महिलाओं को भी प्रेरित करेंगी.
आधुनिक तकनीकों का दिया गया प्रशिक्षण
एसबीआई आरसेटी के निदेशक सुजीत कुमार दास ने बताया कि संस्थान का उद्देश्य केवल कौशल प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि प्रतिभागियों को सफल उद्यमी बनाकर स्वरोजगार से जोड़ना है. उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान महिला परिधान निर्माण की आधुनिक तकनीक, कटिंग, सिलाई, फिनिशिंग, गुणवत्ता नियंत्रण, लागत निर्धारण, विपणन, ग्राहक प्रबंधन, डिजिटल भुगतान, वित्तीय साक्षरता तथा उद्यमिता विकास का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया.
प्रतिभागियों ने जताया उत्साह
समारोह में सभी सफल प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए. प्रतिभागियों ने कहा कि इस प्रशिक्षण से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और अब वे स्वयं का रोजगार शुरू करने के लिए तैयार हैं.इस अवसर पर फैकल्टी अजमल यज़दानी, सुभाष कुमार मंडल, प्रशिक्षक लक्ष्मी कुमारी, रविन्द्र कुमार, पंकज कुमार सहित संस्थान के अन्य कर्मचारी एवं प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे. कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ. अतिथियों ने एसबीआई आरसेटी द्वारा संचालित कौशल विकास कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी सशक्त बना रहे हैं.
