उपजाऊ भूमि पर सैनिक छावनी का विरोध, टाउन हॉल के सामने किसानों का महाधरना

उपजाऊ भूमि पर सैनिक छावनी का विरोध, टाउन हॉल के सामने किसानों का महाधरना

विधायक अख्तरूल ईमान समेत कई दिग्गज हुए शामिल; बोले- सेना हमारी शान, पर किसानों की जमीन बचाना भी जरूरी

किशनगंज. जिला मुख्यालय स्थित टाउन हॉल के सामने बुधवार को कृषि बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले एकदिवसीय विशाल धरना प्रदर्शन का आयोजन किया गया. प्रस्तावित सैनिक स्टेशन (सैनिक छावनी) के निर्माण के लिए उपजाऊ कृषि भूमि के अधिग्रहण के विरोध में सैकड़ों की संख्या में किसान और उनके परिवार सड़क पर उतरे. प्रदर्शनकारियों की मांग है कि सैनिक छावनी का निर्माण खेती योग्य जमीन के बजाय किसी अन्य अनुपयोगी भूमि पर किया जाए.

सरकार के सामने मांग रखना नागरिकों का अधिकार: अख्तरूल ईमान

धरना को संबोधित करते हुए एआईएमआईएम के अमौर विधायक अख्तरूल ईमान ने कहा कि लोकतंत्र में नागरिकों को अपनी जायज मांगें सरकार के समक्ष रखने का पूरा अधिकार है. उन्होंने डीएम और एसडीएम से अपील की कि किसानों की भावनाओं को सरकार तक पहुंचाएं. विधायक ने स्पष्ट किया कि हम फौजी जवानों की शरण स्थली के विरोधी नहीं हैं, बस चाहते हैं कि इसके लिए किसानों की उपजाऊ जमीन न ली जाए.

सेना हमारी शान, किसान हमारी जान : विधायक

सरवर आलम कोचाधामन विधायक सरवर आलम ने कहा कि “सेना हमारी शान है और किसान हमारी जान है. ” उन्होंने मांग की कि छावनी के लिए वैकल्पिक भूमि तलाशी जाए. वहीं, पूर्व विधायक मुजाहिद आलम ने कहा कि जनता के संघर्ष के कारण ही अब तक निर्माण कार्य रुका हुआ है और वे इस लड़ाई में किसानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं.

डीएम को सौंपा मेमोरेंडम, उमड़ा जनसैलाब

धरना प्रदर्शन के बाद समिति के शिष्टमंडल ने जिलाधिकारी विशाल राज को एक ज्ञापन (मेमोरेंडम) सौंपा. इस आंदोलन में पूर्व विधायक अंजार नईमी, जिप सदस्य नासिक नदीर, प्रो मुसब्बिर आलम, एआईएमआईएम नेता शम्स आगाज, वासिद आलम, इमरान आलम समेत कई नेता सक्रिय रहे.

सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम, बंद रही सर्विस लेन

धरना प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे. टाउन हॉल के पास वाली सर्विस लेन पर ट्रैफिक पूरी तरह बंद कर दिया गया था. मौके पर ट्रैफिक डीएसपी राजेश कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर राजा, सदर थानाध्यक्ष अभिषेक रंजन दलबल के साथ सुरक्षा की कमान संभाले हुए थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: RAVIKANT SINGH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >