धोबीडांगा में अवैध मिट्टी खनन पर पुलिस की दबिश, जेसीबी जब्त

धोबीडांगा में अवैध मिट्टी खनन पर पुलिस की दबिश, जेसीबी जब्त

निजी जमीन से 10 फीट गहरा गड्ढा कर बेचा जा रहा था मिट्टी, पुलिस को देख ट्रैक्टर लेकर भागे भू-माफिया

पहाड़कट्टा. पोठिया थाना क्षेत्र के धोबीडांगा गांव में रविवार को पुलिस ने अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने मौके से एक जेसीबी मशीन को जब्त किया है, जिसका उपयोग निजी जमीन से अवैध रूप से मिट्टी निकालने के लिए किया जा रहा था. हालांकि, पुलिस की भनक लगते ही खनन में लगे एक दर्जन से अधिक ट्रैक्टर चालक मौके से भागने में सफल रहे.

निजी जमीन को बना दिया 10 फीट गहरा गड्ढा

मामला बुधरा पंचायत के मौजा बारहकोनिया का है. जानकारी के अनुसार, भू-स्वामी मंगल टुडू, रसीद टुडू व मो ताहरुल की निजी जमीन पर रविवार की सुबह से ही भू-माफियाओं द्वारा अवैध खनन शुरू कर दिया गया था. जमीन मालिकों ने आरोप लगाया कि गांव के ही सकला टुडू द्वारा जबरन जेसीबी लगाकर उनकी जमीन को लगभग 10 फीट गहराई तक खोद दिया. इस मिट्टी को धोबीडांगा गांव में बन रहे एक निर्माणाधीन पुल के ठेकेदार को अवैध रूप से बेचा जा रहा था.

डायल-112 की सूचना पर पहुंची पुलिस

जैसे ही जमीन मालिकों को अपने खेत में अवैध खनन की जानकारी मिली, उन्होंने तुरंत डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पोठिया थाना के पुलिस पदाधिकारी दलबल के साथ धोबीडांगा पहुंचे. पुलिस वाहन को देखते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गयी व ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर रफूचक्कर हो गये. पुलिस ने घेराबंदी कर खनन में लगी जेसीबी मशीन को कब्जे में ले लिया.

खनन विभाग को दी गयी जानकारी

इस संबंध में पोठिया थानाध्यक्ष अंजय अमन ने बताया कि डायल-112 के माध्यम से अवैध खनन की शिकायत मिली थी. त्वरित कार्रवाई करते हुए जेसीबी को जब्त कर सुरक्षित थाने लाया गया है. उन्होंने बताया कि खनन विभाग के अधिकारियों को भी स्थल निरीक्षण के लिए बुलाया गया है. संबंधित विभाग द्वारा जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AWADHESH KUMAR

AWADHESH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >