विद्यालयों में खेल गतिविधियों के लिए राशि खर्च करने की मिली अनुमति
विद्यालयों में खेल गतिविधियों के लिए राशि खर्च करने की मिली अनुमति
समग्र शिक्षा अभियान के तहत पीएफएमएस पोर्टल से ही होगा भुगतान
ठाकुरगंज. समग्र शिक्षा अभियान के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 में किशनगंज जिले के प्राथमिक, मध्य, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों में खेल एवं शारीरिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए राशि खर्च करने की अनुमति दे दी गयी है. इस संबंध में बिहार शिक्षा परियोजना, किशनगंज की ओर से सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापक और प्रभारी प्रधानाध्यापकों को पत्र जारी किया गया है. जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (प्रारंभिक शिक्षा एवं सर्व शिक्षा अभियान) रूबी कुमारी द्वारा जारी पत्र में बताया गया है कि विद्यालयों के एसएनए खाते में स्पोर्ट एंड फिजिकल एक्टिविटी मद में उपलब्ध राशि के व्यय के लिए ड्राइंग लिमिट निर्धारित कर दी गयी है. पत्र के अनुसार आवंटित राशि का उपयोग एडब्ल्यूपी एंड बी 2025-26 के स्वीकृत बजट के अनुसार ही किया जाएगा व किसी भी परिस्थिति में राशि का विचलन नहीं किया जाएगा. सभी भुगतान पीएफएमएस पोर्टल के माध्यम से ई-पेमेंट प्रिंट एडवाइस से करना अनिवार्य होगा. साथ ही विद्यालयों को राशि खर्च करने से पहले पीएफएमएस पोर्टल पर ड्राइंग लिमिट का मिलान करने का निर्देश दिया गया है. सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को भी आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है.