किशनगंज प्रखंड के मोतिहारा तालुका पंचायत स्थित उच्च माध्यमिक विद्यालय पानीसाल में 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत एक भव्य तिरंगा पदयात्रा का आयोजन किया गया. विद्यालय प्रांगण से शुरू हुई इस यात्रा में स्कूली बच्चों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया. पदयात्रा के दौरान विद्यार्थियों ने लोगों को स्वतंत्रता दिवस पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया.
देशभक्ति के नारों से गूंजा पूरा इलाका
हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे अनुशासित तरीके से आगे बढ़ रहे छात्र-छात्राओं के उत्साह से पूरा पानीसाल गांव देशभक्ति के माहौल में सराबोर हो गया. पदयात्रा के जरिए बच्चों ने स्थानीय ग्रामीणों को अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने और राष्ट्रध्वज की गरिमा बनाए रखने का संदेश दिया.
'तिरंगा देश की आन-बान और शान का प्रतीक': बीडीओ
पदयात्रा को संबोधित करते हुए बीडीओ कर्मवीर कुमार ने कहा कि तिरंगा हमारे देश की स्वतंत्रता, अखंडता और स्वाभिमान का प्रतीक है. यह हमें स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों के त्याग और बलिदान की याद दिलाता है. उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम, एकता और सामाजिक जिम्मेदारियों की भावना गहरी होती है.
विद्यालय में आयोजित हुईं विविध प्रतियोगिताएं
'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत विद्यालय परिसर में विभिन्न जागरूकता व शैक्षणिक गतिविधियां आयोजित की गईं. क्विज और अन्य प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों को स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास, राष्ट्रीय प्रतीकों और नागरिकों के मौलिक कर्तव्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई.
ये गणमान्य लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम के दौरान प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि जुबेर आलम, मुखिया प्रतिनिधि दरीब आलम, सरपंच प्रतिनिधि मोहन सिंह, उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुब्रतो दास, मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक दीपक कुमार झा सहित सभी शिक्षक और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे.
