इंटर परीक्षा के दूसरे दिन 5859 परीक्षार्थियों ने दी परीक्षा, 103 रहे अनुपस्थित

इंटर परीक्षा के दूसरे दिन 5859 परीक्षार्थियों ने दी परीक्षा, 103 रहे अनुपस्थित

किशनगंज. जिला मुख्यालय के 20 परीक्षा केंद्रों पर बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित इंटरमीडिएट की वार्षिक परीक्षा के दूसरे दिन मंगलवार को भी माहौल पूरी तरह शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त रहा. दूसरे दिन दोनों पालियों को मिलाकर कुल 5,859 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 103 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी. प्रथम पाली में कुल 771 परीक्षार्थी उपस्थित हुए, जबकि 13 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे. द्वितीय पाली में परीक्षार्थियों की संख्या अधिक रही. इसमें कुल 5,075 परीक्षार्थी शामिल हुए व 90 अनुपस्थित रहे. राहत की बात यह रही कि जिले में कहीं से भी किसी परीक्षार्थी के निष्कासन की सूचना प्राप्त नहीं हुई है.

समय से पहले पहुंचे परीक्षार्थी, केंद्रों पर रही भारी भीड़

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के सख्त निर्देशों का असर केंद्रों पर साफ दिखा. परीक्षा शुरू होने से आधा घंटा पहले ही गेट बंद कर दिए जाने के नियम के कारण परीक्षार्थी एक घंटा पहले ही केंद्रों पर पहुंचने लगे थे. मंगलवार को दूसरी पाली में परीक्षार्थियों की संख्या अधिक होने के कारण केंद्रों के बाहर अभिभावकों और छात्रों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी.

डीएम-एसपी ने स्वयं संभाली कमान

परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी विशाल राज व पुलिस अधीक्षक (एसपी) लगातार केंद्रों का जायजा लेते रहे. निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विधि-व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी और सुरक्षा प्रबंधों की बारीकी से जांच की. अत्यधिक भीड़ को देखते हुए एसपी ने स्वयं यातायात व्यवस्था की कमान संभाली व ट्रैफिक डीएसपी को सड़क पर जाम की स्थिति न बनने देने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. परीक्षा केंद्रों के अंदर और बाहर पुलिस पदाधिकारी मुस्तैद रहे, जिससे परीक्षार्थियों को केंद्र में प्रवेश करने में कोई असुविधा नहीं हुई.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Awadhesh kumar

अवधेश कुमार विगत 25 वर्षों से पत्रकारिता से जुड़े हुए हैं. इन्होंने बतौर पत्रकार अपने कैरियर की शुरूआत वर्ष 2001 से की. उसके बाद विगत 15 वर्षो से प्रभात खबर, किशनगंज के कार्यालय प्रभारी के रूप में कार्यरत हैं. इनकी रूचि राजनीतिक, सामाजिक व अपराध से जुड़ी खबरों में है.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >