गोल्डी का तूफानी शतक: 123 रनों की आतिशी पारी खेल बने ”मैन ऑफ द मैच”
ठाकुरगंज. स्थानीय गांधी मैदान में आयोजित ”न्यू ईयर चैलेंजर क्रिकेट ट्रॉफी” के दूसरे क्वार्टर फाइनल मुकाबले में एनसीसी ठाकुरगंज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टीसीसी-ए ठाकुरगंज को आठ विकेट से करारी शिकस्त दी. इस जीत के साथ ही एनसीसी की टीम ने टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया है.टीसीसी-ए की पारी 154 रनों पर सिमटी
एनसीसी ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला किया व टीसीसी-ए को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया. 20-20 ओवरों के इस मैच में पहली पारी में बल्लेबाजी करते हुए टीसीसी-ए की टीम 17.5 ओवरों में 154 रन बनाकर ऑलआउट हो गयी. सन्नी यादव ने 50 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली व सैकत अली ने 30 रन बनाए. एनसीसी की गेंदबाजी में सेवाज ने घातक गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट झटके, जबकि गोल्डी व समी को दो-दो सफलताएं मिलीं.एनसीसी की जवाबी कार्रवाई में गोल्डी का जलवा
155 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एनसीसी टीम ने मैदान पर उतरते ही आक्रामक रुख अपनाया. एनसीसी ने महज 7.5 ओवरों में ही दो विकेट खोकर 155 रन बना लिए व मैच को एकतरफा अंदाज में आठ विकेट से जीत लिया. एनसीसी के बल्लेबाज गोल्डी ने मैदान के चारों ओर चौकों और छक्कों की बरसात करते हुए 123 रनों की नाबाद और विध्वंसक पारी खेली. टीसीसी की गेंदबाजी में रणवीर खान ने दो विकेट लिए, लेकिन वे हार टालने में नाकाम रहे.शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए गोल्डी को ”मैन ऑफ द मैच” चुना गया. उन्होंने न केवल बल्ले से 123 रन बनाए, बल्कि गेंदबाजी में भी 2 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए. इस धमाकेदार जीत के बाद एनसीसी के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गयी. अब दर्शकों की निगाहें होने वाले सेमीफाइनल मुकाबले पर टिकी हैं.
