बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने सावन महीने की तीसरी सोमवारी के पावन अवसर पर किशनगंज के ऐतिहासिक भूतनाथ धाम पहुंचकर भगवान भोलेनाथ और माता पार्वती की विधिवत पूजा-अर्चना की. इस दौरान उन्होंने शिवलिंग पर गंगाजल व दुग्ध से अभिषेक कर जिले और पूरे प्रदेश वासियों की सुख, शांति और समृद्धि की मंगल कामना की. मंदिर परिसर पहुंचने पर मंदिर कमेटी के सदस्यों ने मंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया, जिसके बाद उन्होंने दीप प्रज्वलित कर पारंपरिक श्रावणी मेले का विधिवत शुभारंभ किया.
विधिवत पूजा-अर्चना कर की सुख-शांति की कामना
सावन की तीसरी सोमवारी पर भूतनाथ धाम पहुंचे मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने पूरे विधि-विधान से भगवान शिव का जलाभिषेक किया. उन्होंने शिवलिंग पर बेलपत्र, दूध, गंगाजल, धतूरा, फल और फूल अर्पित कर विशेष अनुष्ठान संपन्न किया. पूजा-अर्चना के उपरांत उन्होंने कहा कि आज के पावन दिन बाबा भूतनाथ के दरबार में हाजिरी लगाने और जलाभिषेक करने का सौभाग्य उन्हें प्राप्त हुआ है. उन्होंने महादेव से समस्त बिहारवासियों के कल्याण और अमन-चैन की प्रार्थना की.
सरकार ने मेले को आधिकारिक सूची में किया शामिल
मेले के शुभारंभ अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं और गणमान्य लोगों को संबोधित करते हुए मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने एक महत्वपूर्ण जानकारी साझा की. उन्होंने बताया कि बिहार सरकार ने इस वर्ष भूतनाथ धाम के इस पारंपरिक मेले को अपनी आधिकारिक सूची में शामिल कर लिया है. मंत्री ने आश्वस्त किया कि दूर-दराज से आने वाले कांवरियों और श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा या कठिनाई न हो, इसके लिए राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन मिलकर सभी जरूरी सुविधाओं व सुरक्षा की पुख्ता तैयारी सुनिश्चित करेगा.
ओदरा घाट से 15 किमी पैदल चलकर पहुंचते हैं लाखों श्रद्धालु
भूतनाथ धाम की महत्ता का उल्लेख करते हुए बताया गया कि हर वर्ष सावन के महीने में यहां लाखों की तादाद में श्रद्धालु पहुंचते हैं. कांवरिया और श्रद्धालु ओदरा घाट से पवित्र जल भरकर लगभग 15 किलोमीटर की कठिन पैदल यात्रा तय करते हुए भूतनाथ धाम पहुंचते हैं और कतारबद्ध होकर बाबा भोलेनाथ पर आस्था का जल अर्पित करते हैं.
पूजा व उद्घाटन के दौरान कई गणमान्य रहे मौजूद
इस धार्मिक अनुष्ठान और मेला उद्घाटन के मौके पर प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ कई स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे. कार्यक्रम के दौरान मुख्य रूप से अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) अनिकेत कुमार, अधिवक्ता शिशिर कुमार दास, मिक्की साहा और संजय पासवान सहित मंदिर कमेटी के कई पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे.
