Kishanganj Train Delay: किशनगंज से बच्छराज नखत की रिपोर्ट. किशनगंज में कटिहार रेल मंडल के पांजीपाड़ा–सूरजकमल सेक्शन पर चल रहे ऑटोमेटिक ब्लॉक सिग्नलिंग कार्य का असर शनिवार को भी रेल परिचालन पर साफ दिखाई दिया. प्री-एनआई और एनआई ब्लॉक के अंतिम दिन कई महत्वपूर्ण ट्रेनें घंटों विलंब से चलीं. इससे हजारों यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. स्टेशन पर सुबह से ही यात्रियों की भीड़ लगी रही और लोग लगातार ट्रेन की सही जानकारी पाने के लिए परेशान नजर आए.
प्लेटफॉर्म पर घंटों इंतजार करते रहे यात्री
ट्रेनों की लेटलतीफी के कारण किशनगंज स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ जुटी रही. कई यात्री घंटों प्लेटफॉर्म पर बैठे ट्रेन का इंतजार करते रहे. महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा दिक्कत हुई. यात्रियों का कहना था कि ट्रेन के आगमन समय में लगातार बदलाव हो रहा था, जिससे भ्रम की स्थिति बनी रही.
वैकल्पिक रूट होने के बावजूद नहीं मिली राहत
सबसे ज्यादा चर्चा इस बात को लेकर रही कि कटिहार–पूर्णिया–किशनगंज–एनजेपी वैकल्पिक रेल मार्ग उपलब्ध होने के बावजूद रेलवे ने उसका प्रभावी उपयोग नहीं किया. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस रूट पर सीमित संख्या में ट्रेनें चलती हैं, ऐसे में कुछ महत्वपूर्ण ट्रेनों को अस्थायी रूप से डायवर्ट कर यात्रियों को राहत दी जा सकती थी.
रेलवे की कार्यशैली पर उठे सवाल
यात्रियों और स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि रेलवे ने तकनीकी कार्यों की तैयारी तो पूरी गंभीरता से की, लेकिन यात्रियों की सुविधा को लेकर पर्याप्त संवेदनशीलता नहीं दिखाई. लोगों का कहना है कि यदि पहले से बेहतर परिचालन योजना बनाई जाती, अतिरिक्त कोच लगाए जाते और वैकल्पिक रूट का इस्तेमाल किया जाता, तो यात्रियों को इतनी परेशानी नहीं उठानी पड़ती.
नई सिग्नलिंग व्यवस्था से भविष्य में मिलेगी राहत
रेलवे अधिकारियों के अनुसार पांजीपाड़ा, किशनगंज, हटवार, कानकी और सूरजकमल स्टेशनों पर ऑटोमेटिक ब्लॉक सिग्नलिंग प्रणाली लागू होने के बाद ट्रेनों का संचालन अधिक सुरक्षित और तेज होगा. इससे कम अंतराल में अधिक ट्रेनों का परिचालन संभव हो सकेगा. हालांकि फिलहाल यात्री यही सवाल उठा रहे हैं कि आधुनिक व्यवस्था लागू करने की कीमत आम लोगों को इतनी भारी परेशानी झेलकर क्यों चुकानी पड़ी.
Also Read: बिहार में आधी रात चली तबादला एक्सप्रेस, 54 DSP समेत 34 राजस्व अधिकारियों का ट्रांसफर, देखें लिस्ट
