किशनगंज से गौरव कुमार की रिपोर्ट
Kishanganj Rain Alert: किशनगंज जिले में मानसून ने जोरदार एंट्री कर दी है. गुरुवार रात से शुक्रवार सुबह तक हुई लगातार बारिश ने पूरे जिले का मौसम बदल दिया. एक तरफ लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली है, तो दूसरी तरफ कई निचले इलाकों में जलजमाव की समस्या भी सामने आने लगी है. हालांकि किसानों के लिए यह बारिश किसी खुशखबरी से कम नहीं है. खेतों तक पहुंची भरपूर नमी ने धान की खेती की तैयारियों को नई रफ्तार दे दी है.
रातभर बरसे बादल, सुबह तक भीगा रहा जिला
शुक्रवार सुबह तक हुई बारिश के आंकड़े मानसून की सक्रियता का साफ संकेत दे रहे हैं. मौसम विभाग के अनुसार ठाकुरगंज क्षेत्र में 64.3 मिमी और भाटगांव क्षेत्र में 60.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई. जिले के अधिकांश हिस्सों में तापमान 24 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा. वहीं आर्द्रता 100 प्रतिशत तक पहुंचने से वातावरण पूरी तरह नम बना रहा. घने बादलों और ठंडी हवाओं ने पूरे जिले को सुहाना बना दिया.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
जलजमाव ने खोली व्यवस्थाओं की पोल
लगातार बारिश के कारण किशनगंज नगर सहित कई ग्रामीण क्षेत्रों के निचले हिस्सों में पानी जमा हो गया है. कई मोहल्लों, सड़कों और गलियों में जलभराव की स्थिति बन गई है, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. कई जगह जलनिकासी व्यवस्था की कमजोरियां भी उजागर हुई हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष बारिश के दौरान यही स्थिति बन जाती है, लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में अपेक्षित कदम नहीं उठाए गए हैं.
किसानों के लिए वरदान बनी बारिश
जहां शहरी इलाकों में जलजमाव परेशानी का कारण बना है, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों के चेहरे खिल उठे हैं. धान की रोपनी की तैयारी कर रहे किसानों का कहना है कि वे लंबे समय से अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे थे. खेतों में पर्याप्त नमी पहुंचने से रोपनी और अन्य कृषि कार्यों में तेजी आने की उम्मीद बढ़ गई है. कृषि विशेषज्ञ भी मानते हैं कि मानसून की यह शुरुआती बारिश खरीफ फसलों के लिए काफी लाभदायक साबित होगी.
Kishanganj Rain Alert: अगले 48 घंटे भी सक्रिय रहेगा मानसून
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले 48 घंटों तक जिले में मानसूनी गतिविधियां जारी रहने की संभावना है. ठाकुरगंज में अधिकतम तापमान 32 डिग्री, बहादुरगंज में 31 डिग्री और किशनगंज मुख्यालय में 34 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है. साथ ही जिले में 55 से 65 प्रतिशत तक वर्षा की संभावना बनी हुई है.
मानसून की यह शुरुआत किशनगंज के लिए राहत और चुनौती दोनों लेकर आई है. एक ओर किसानों की उम्मीदें मजबूत हुई हैं, तो दूसरी ओर जलजमाव ने बुनियादी सुविधाओं की हकीकत भी सामने ला दी है.
इसे भी पढ़ें: बदले गए पटना, गया समेत बिहार के 13 जिलों के SP, जानिए आपके जिले का नया पुलिस कप्तान कौन
