ठाकुरगंज (किशनगंज) से बच्छराज नखत की रिपोर्ट
Kishanganj Drain Construction: चुरली पंचायत के वार्ड संख्या-3 स्थित बिरनाबाड़ी नया बस्ती में 15वें वित्त आयोग की निधि से कराए जा रहे नाला निर्माण कार्य में कथित अनियमितताओं को लेकर ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया और निर्माण कार्य रुकवा दिया. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सरकारी राशि से हो रहे निर्माण में गुणवत्ता मानकों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है.
शिकायत पर गठित हुई जांच टीम
ग्रामीणों की शिकायत मिलने के बाद प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी अजीत कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जूनियर इंजीनियर और संबंधित पंचायत सचिव की दो सदस्यीय जांच टीम गठित कर मौके पर भेजा. टीम ने निर्माण स्थल का निरीक्षण कर गुणवत्ता की जांच की.
जांच में सामने आईं खामियां
स्थल निरीक्षण के दौरान पाया गया कि नाला निर्माण में सरिया को बिना उचित बेस तैयार किए सीधे मिट्टी में डालकर ढलाई की जा रही थी. साथ ही निर्माण में इस्तेमाल की जा रही सामग्री भी निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं मिली. जांच टीम ने प्रथम दृष्टया ग्रामीणों की शिकायत को सही पाया.
दोषियों पर होगी कार्रवाई
प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी अजीत कुमार ने कहा कि विकास योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही और अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी. जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी पाए जाने वाले लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी तथा निर्माण कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप ही कराया जाएगा.
तकनीकी जांच की उठी मांग
घटना के बाद ग्रामीणों में नाराजगी बनी हुई है. लोगों का कहना है कि सरकारी योजनाओं में गुणवत्ता से समझौता विकास कार्यों के उद्देश्य को विफल कर देता है. ग्रामीणों ने पूरे निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराने और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है.
और पढ़ें: इंडो-नेपाल बॉर्डर रोड स्थित हाथीडुब्बा डायवर्जन पर जलजमाव से बढ़ी मुश्किलें
