बिजली केबल को लेकर ग्रामीणों और मिस्त्री में विवाद, जिला पार्षद प्रतिनिधि के आश्वासन पर शांत हुए उपभोक्ता

किशनगंज के लाट टोला झींगाकाटा में बिजली केबल की समस्या को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश, जिला पार्षद प्रतिनिधि इमरान आलम ने अधिकारियों से बात कर समाधान का दिया भरोसा।

किशनगंज. बहादुरगंज प्रखंड की महेशबथना पंचायत अंतर्गत लाट टोला झींगाकाटा गांव में बिजली की समस्या को लेकर ग्रामीणों और बिजली मिस्त्री के बीच विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गयी. ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में बिजली का केबल नहीं लगने के कारण बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित होती है. इसी समस्या से नाराज उपभोक्ताओं ने ट्रांसफार्मर में लोड देने पहुंचे बिजली मिस्त्री को रोक दिया और केबल लगाने की मांग करने लगे.

सूचना पर गांव पहुंचे जिला पार्षद प्रतिनिधि

विवाद की सूचना मिलने पर जिला पार्षद प्रतिनिधि इमरान आलम गांव पहुंचे. उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर बिजली आपूर्ति में आ रही समस्या और विवाद की पूरी जानकारी ली. ग्रामीणों ने बताया कि केबल नहीं रहने के कारण गांव में बिजली आपूर्ति बार-बार बाधित होती है, जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है.

केबल लगाने का मिला आश्वासन, मिस्त्री को करने दिया काम

ग्रामीणों को समझाते हुए इमरान आलम ने कहा कि बिजली विभाग की ओर से जल्द ही लाट टोला झींगाकाटा में केबल लगाने का कार्य कराया जाएगा. उनके आश्वासन के बाद आक्रोशित बिजली उपभोक्ता शांत हुए और बिजली मिस्त्री को ट्रांसफार्मर में लोड देने का कार्य करने दिया.

अधिकारियों से फोन पर की बात

मौके से ही जिला पार्षद प्रतिनिधि इमरान आलम ने दूरभाष पर बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता और कनीय अभियंताओं से बातचीत की. उन्होंने अधिकारियों को गांव में उत्पन्न बिजली समस्या से अवगत कराते हुए जल्द से जल्द केबल लगाने और बिजली आपूर्ति सुचारू करने का आग्रह किया.

जल्द समाधान का विभाग ने दिया भरोसा

बिजली विभाग के अधिकारियों ने भी समस्या का जल्द समाधान कराने का भरोसा दिलाया. अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने राहत की उम्मीद जतायी. ग्रामीणों ने बिजली समस्या के समाधान के लिए जिला पार्षद प्रतिनिधि इमरान आलम की पहल का स्वागत किया.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By गौरव कुमार

गौरव कुमार प्रिंट माध्यम में 20 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >