किशनगंज
किशनगंज पुलिस ने अंतरजिला चोरी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो कुख्यात चोरी के आरोपितों को बुधवार की शाम को अलग अलग स्थानों से गिरफ्तार किया गया है. पकड़ा गया आरोपित अंकित राय उर्फ बाबू व शिव शर्मा धर्मगंज मझिया रोड का रहने वाला है. इनकी निशानदेही पर पुलिस ने इनके पास से चोरी का मोबाइल, तांबा एवं पीतल के बर्तन, एलईडी और चोरी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए हैं. बरामद सामान में लिची बगान धर्मगंज स्थित एक सैन्य अधिकारी के बंद घर से चोरी गया मोबाइल, केला बगान व डुमरिया काली मंदिर के पास से चोरी हुआ टीवी आदि शामिल है. इस घटना मे लगभग 2 लाख रुपए की चोरी की गई थी. एसडीपीओ वन गौतम कुमार ने गुरुवार को सदर थाना में प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि पिछले दिनों जिले में हुई चोरी की घटनाओं के उद्भेदन के लिए एसपी संतोष कुमार के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित किया गया था. चोरी की घटनाओं की रोकथाम, कांड के उद्भेदन एवं आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कटिहार, बंगाल और किशनगंज में छापेमारी कर चोरी के दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया. पुलिस के अनुसार दोनों आरोपित पहले भी वार्ड पार्षद प्रमिला तिवारी समेत कई लोगों के घरों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं. जिले में चोरी की घटना को अंजाम देने के बाद ये बदमाश कटिहार में अपने रिश्तेदार के घर जाकर छिप जाते थे और चोरी के सोना-चांदी के जेवर पश्चिम बंगाल में बेच देते थे. अंतरजिला गिरोह के सदस्य क्षेत्र में बंद घरों को निशाना बनाते थे. जिसकी पहले गिरोह के अन्य सदस्यों द्वारा रेकी की जाती थी. चोरी गए आभूषणों और सामान की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.अंतरजिला चोरी गिरोह का पर्दाफाश, चोरी के सामान के साथ दो कुख्यात चोर गिरफ्तार
चोरी की घटनाओं की रोकथाम, कांड के उद्भेदन एवं आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कटिहार, बंगाल और किशनगंज में छापेमारी कर चोरी के दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया
