ठाकुरगंज से बच्छराज नखत की रिपोर्ट
सीमांत मुख्यालय सिलीगुड़ी के महानिरीक्षक वंदन सक्सेना ने 8 और 9 जुलाई को ठाकुरगंज स्थित 19वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) का दो दिवसीय औपचारिक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा व्यवस्था, परिचालन तैयारियों और प्रशासनिक गतिविधियों की समीक्षा की. साथ ही जवानों को नशीले पदार्थों की तस्करी, अवैध घुसपैठ और सीमावर्ती क्षेत्रों में हर समय सतर्क रहने के निर्देश दिए.
कमांडेंट ने किया स्वागत, सम्मान गार्ड ने दी सलामी
वाहिनी मुख्यालय पहुंचने पर कमांडेंट राज कुमार खलखो ने पुष्पगुच्छ भेंट कर महानिरीक्षक का स्वागत किया. इसके बाद सम्मान गार्ड द्वारा उन्हें औपचारिक सलामी दी गई.
बैरकों से लेकर एमटी परेड तक किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान महानिरीक्षक ने वाहिनी परिसर, जवानों की बैरकों, मुख्यालय मेस, ट्रेड्समैन शॉप, एमआई रूम, विभिन्न शाखाओं और एमटी वाहन परेड का निरीक्षण किया. कमांडेंट द्वारा प्रस्तुत पावर प्वाइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से उन्होंने वाहिनी की प्रशासनिक और परिचालन गतिविधियों की विस्तृत जानकारी भी प्राप्त की.
इसके अलावा उन्होंने वाहिनी मुख्यालय और समवाय मुख्यालय कुर्लीकोट में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया.
जवानों को अनुशासन और सतर्कता का संदेश
सैनिक सम्मेलन को संबोधित करते हुए महानिरीक्षक वंदन सक्सेना ने अधिकारियों और जवानों से अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और उत्कृष्ट व्यवहार बनाए रखने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि प्रत्येक बलकर्मी अपने कार्य और आचरण से न केवल अंतरराष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा करता है, बल्कि राष्ट्र की गरिमा को भी मजबूत करता है.
उन्होंने सभी कार्मिकों से एसएसबी के आदर्श वाक्य "सेवा, सुरक्षा एवं बंधुत्व" को अपने दैनिक जीवन और कर्तव्यों में आत्मसात करने का आग्रह किया.
इन मुद्दों पर विशेष सतर्क रहने के निर्देश
- नशीले पदार्थों की तस्करी पर कड़ी निगरानी.
- तीसरे देश के नागरिकों की अवैध घुसपैठ रोकना.
- संवेदनशील सीमावर्ती क्षेत्रों में चौकसी बढ़ाना.
- हर परिस्थिति में परिचालन तैयारियां बनाए रखना.
राहत एवं बचाव टीम के प्रदर्शन की सराहना
महानिरीक्षक ने समवाय मुख्यालय कुर्लीकोट का भी दौरा किया, जहां समवाय कमांडर ने सैंड मॉडल के माध्यम से सीमा क्षेत्र की जानकारी दी. वहीं क्षेत्रक मुख्यालय रानीडांगा की राहत एवं बचाव टीम ने संभावित बाढ़ से निपटने और आधुनिक राहत उपकरणों के संचालन का प्रदर्शन किया, जिसकी उन्होंने सराहना की.
तैयारियों की सराहना, कमियां दूर करने के निर्देश
निरीक्षण के अंत में महानिरीक्षक ने 19वीं वाहिनी की परिचालन तैयारियों की प्रशंसा की और पाई गई कमियों को जल्द दूर करने के निर्देश दिए. उन्होंने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान महिला एसएसबी टीम के उत्कृष्ट कार्य और अमरनाथ यात्रा में तैनात जवानों की सराहनीय भूमिका की भी प्रशंसा की.
उन्होंने कहा कि 19वीं वाहिनी केवल सीमा सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि तस्करी रोकने और आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्यों के माध्यम से आम लोगों की सेवा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है.
और पढ़ें :पुल बना, रास्ता खुला... लेकिन एम्बुलेंस ही फंस गई, मानिकपुर पुल पर हाइट गेज बना परेशानी
