किशनगंज: जिले में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले 72 घंटे तक जिले के सभी सात प्रखंडों में हल्की से मध्यम, जबकि कई स्थानों पर तेज बारिश होने की संभावना है. इस दौरान अधिकतम तापमान 32 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.
जलभराव और आवागमन में बढ़ सकती है परेशानी
लगातार बारिश के कारण शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है. कच्ची सड़कों पर कीचड़ और फिसलन बढ़ने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और जलजमाव वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है.
इन प्रखंडों में सबसे अधिक बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को कोचाधामन और किशनगंज प्रखंड में 99 प्रतिशत, ठाकुरगंज और पोठिया में 95 प्रतिशत तथा टेढ़ागाछ में 88 प्रतिशत वर्षा की संभावना है. वहीं बहादुरगंज और दिघलबैंक में 64 प्रतिशत बारिश के आसार हैं. 12 और 13 जुलाई को भी अधिकांश प्रखंडों में 80 से 99 प्रतिशत तक बारिश की संभावना बनी हुई है.
नेपाल सीमा से सटे क्षेत्रों में बरस सकते हैं घने बादल
दिघलबैंक और अन्य सीमावर्ती इलाकों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने लोगों को नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों के पास सतर्क रहने की सलाह दी है.
किसानों के लिए राहत, लेकिन बरतें सावधानी
लगातार हो रही बारिश खरीफ फसलों, विशेषकर धान की खेती के लिए लाभदायक मानी जा रही है. हालांकि जिन क्षेत्रों में अधिक वर्षा होगी, वहां खेतों में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था बनाए रखने की सलाह कृषि विशेषज्ञों ने दी है, ताकि फसल को नुकसान न पहुंचे.
प्रशासन ने जारी की सलाह
जिला प्रशासन ने कहा है कि मौसम की बदलती स्थिति को देखते हुए लोग आवश्यक सावधानी बरतें. किसान मौसम पूर्वानुमान के अनुसार ही कृषि कार्य करें और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन से संपर्क करें.
और पढ़ें : बीएसएफ फुटबॉल टूर्नामेंट में गलगलिया को हराकर, पूर्णिया बना जिला फुटबॉल चैंपियन
