Har Ghar Tiranga: पौआखाली (किशनगंज). स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से नव प्राथमिक विद्यालय तालबाड़ी बहादुरगंज में बुधवार को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत तिरंगा यात्रा निकाली गई. विद्यालय प्रधान झुमी कुमारी के नेतृत्व में आयोजित यात्रा में छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लिया.
तिरंगा हाथों में लेकर निकले विद्यार्थी
विद्यालय परिसर से शुरू हुई तिरंगा यात्रा पोषक क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों से गुजरते हुए वापस विद्यालय परिसर पहुंचकर संपन्न हुई. इस दौरान विद्यार्थियों के हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लहरा रहा था और देशभक्ति के नारों से वातावरण राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत नजर आया.
लोगों को घर पर तिरंगा फहराने का दिया संदेश
तिरंगा यात्रा के दौरान विद्यार्थियों ने स्थानीय लोगों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के प्रति जागरूक किया. उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने का संदेश दिया. शिक्षकों ने भी बच्चों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानों और राष्ट्र के प्रति नागरिकों के कर्तव्यों की जानकारी दी.
देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना होगी मजबूत
विद्यालय प्रधान झुमी कुमारी ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं. उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन-बान-शान का प्रतीक होने के साथ स्वतंत्रता संग्राम के असंख्य वीरों के त्याग और बलिदान की याद भी दिलाता है.
क्विज और जागरूकता कार्यक्रम भी हुए
Har Ghar Tiranga: विद्यालय में सोमवार और मंगलवार को विद्यार्थियों के बीच क्विज सहित विभिन्न शैक्षणिक एवं जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की गई थीं. इन कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों को स्वतंत्रता आंदोलन, राष्ट्रीय प्रतीकों, संविधान और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों की जानकारी दी गयी.विद्यालय परिवार की इस पहल से विद्यार्थियों में उत्साह बढ़ा और स्थानीय स्तर पर भी राष्ट्रीय भावना एवं देशप्रेम का संदेश पहुंचा.
