खगड़ा स्टेडियम में दौड़ीं बेटियां, खेल के मैदान पर दिखा नारी शक्ति का दम

खगड़ा स्टेडियम में दौड़ीं बेटियां, खेल के मैदान पर दिखा नारी शक्ति का दम

महिला दिवस विशेष. मेरा युवा भारत व जिला प्रशासन की पहल पर एथलेटिक्स प्रतियोगिता आयोजित, विजेताओं को मिला सम्मान

किशनगंज. अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को खगड़ा स्टेडियम का प्रांगण नारी शक्ति के उत्साह और उमंग से सराबोर रहा. ”मेरा युवा भारत” व जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित खेल प्रतियोगिता के जरिए महिलाओं और बालिकाओं ने अपनी शारीरिक दक्षता और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया. कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन उप समाहर्ता ने दीप प्रज्वलित कर किया.

तीन आयु वर्गों में आयोजित हुई दौड़ प्रतियोगिता

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार आयोजित इस एथलेटिक्स प्रतियोगिता में जिले की छात्राओं और महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. प्रतियोगिता को तीन श्रेणियों में बांटा गया था. 13 वर्ष से कम के लिए 100 मीटर की फर्राटा दौड़. 13 से 18 वर्ष के लिए 200 मीटर की दौड़ व 18 वर्ष से अधिक के लिए 400 मीटर की लंबी दौड़. प्रतियोगिता के समापन पर विजेता प्रतिभागियों को मुख्य अतिथियों द्वारा पदक, पुरस्कार व प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया.

प्रशासनिक अधिकारियों ने बढ़ाया उत्साह

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला युवा अधिकारी जनक राज मीणा ने की. विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला खेल पदाधिकारी प्रहलाद कुमार मौजूद रहे. वक्ताओं ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास के लिए जरूरी है, बल्कि यह महिलाओं में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता भी विकसित करता है. मंच का सफल संचालन सेवानिवृत्त लेखा एवं कार्यक्रम पर्यवेक्षक मोहम्मद शाहजहां अंसारी ने किया.

शारीरिक शिक्षकों का रहा सराहनीय योगदान

इस आयोजन को सफल बनाने में जिला प्रशासन द्वारा प्रतिनियुक्त सभी शारीरिक शिक्षकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभायी. रेफरी व तकनीकी पर्यवेक्षक के रूप में उनकी सक्रियता से प्रतियोगिता निष्पक्ष व सुचारू रूप से संपन्न हुई. स्टेडियम में मौजूद दर्शकों ने तालियों के साथ धावकों का उत्साहवर्धन किया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AWADHESH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >