ठाकुरगंज के प्रतिनिधि के अनुसार
कटिहार रेल मंडल के ठाकुरगंज स्टेशन पर बुधवार अहले सुबह एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया. डायवर्ट रूट से चल रही 15716 अजमेर–किशनगंज गरीब नवाज एक्सप्रेस जैसे ही ठाकुरगंज स्टेशन से रवाना हुई, इंजन और डिब्बों के बीच की कपलिंग खुल गई. अचानक इंजन बोगियों से अलग हो गया, जिससे यात्रियों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई. हालांकि ट्रेन की गति बेहद धीमी होने के कारण कोई अप्रिय घटना नहीं हुई.जानकारी के अनुसार कटिहार–किशनगंज रेलखंड पर कार्य चलने के कारण गरीब नवाज एक्सप्रेस को पूर्णिया जंक्शन, अररिया कोर्ट और पौवाखाली होते हुए ठाकुरगंज मार्ग से संचालित किया जा रहा है. इस डायवर्ट रूट में ठाकुरगंज पहुंचने के बाद ट्रेन को पुनः किशनगंज की दिशा में रवाना करने के लिए इंजन रिवर्सल की प्रक्रिया अपनाई गई और इंजन को दूसरी ओर लगाया गया. डायवर्ट समय-सारिणी के अनुसार ट्रेन का ठाकुरगंज पहुंचने का निर्धारित समय 2:30 बजे था, लेकिन यह करीब 3:40 बजे स्टेशन पहुंची. इंजन रिवर्सल की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ट्रेन को किशनगंज के लिए रवाना किया गया, लेकिन स्टेशन से निकलने के कुछ ही समय बाद कपलिंग खुल गई और इंजन डिब्बों से अलग हो गया. घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के तकनीकी कर्मचारी मौके पर पहुंचे और मरम्मत कार्य शुरू किया गया. इस दौरान रेलवे फाटक लगभग आधे घंटे तक बंद रहने से जाम की स्थिति बनी रही. काफी मशक्कत के बाद कपलिंग को दोबारा जोड़ा गया और आवश्यक सुरक्षा जांच पूरी की गई.
इसके बाद ट्रेन को सुबह करीब 5:45 बजे आगे की यात्रा के लिए रवाना किया गया. इस पूरी प्रक्रिया में ट्रेन करीब दो घंटे तक प्रभावित रही, जिससे यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा. अहले सुबह हुई इस घटना से यात्रियों में दहशत और नाराजगी दोनों देखने को मिली. कई यात्रियों ने बताया कि डायवर्ट मार्ग के कारण पहले ही यात्रा अवधि बढ़ चुकी थी, वहीं तकनीकी गड़बड़ी के कारण उन्हें अतिरिक्त इंतजार करना पड़ा. महिलाओं, बच्चों और बुजुर्ग यात्रियों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ी. हालांकि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि या चोट की सूचना नहीं है. रेलवे अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कपलिंग खुलने के कारणों की जांच शुरू कर दी है. तकनीकी खामी दूर होने के बाद ट्रेन को सुरक्षित रूप से किशनगंज के लिए रवाना कर दिया गया.