किशनगंज : बिजली बिल के बकायेदार उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है. अब एकमुश्त भारी बिजली बिल जमा करने में परेशानी झेल रहे उपभोक्ताओं को किस्तों में भुगतान की सुविधा मिल सकती है. नई व्यवस्था के तहत 10 हजार रुपये तक के बकाया बिजली बिल का भुगतान 12 मासिक किस्तों में करने का प्रावधान किया गया है. इससे आर्थिक रूप से कमजोर और एकमुश्त भुगतान करने में असमर्थ उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद है.
बिजली विभाग का उद्देश्य बकाया राशि की वसूली को आसान बनाने के साथ उपभोक्ताओं पर एक साथ पड़ने वाले आर्थिक बोझ को कम करना है. उदाहरण के तौर पर किसी उपभोक्ता का 10 हजार रुपये बिजली बिल बकाया है तो वह पूरी राशि एक साथ जमा करने के बजाय निर्धारित नियमों के अनुसार करीब एक वर्ष में किस्तों के माध्यम से भुगतान कर सकेगा.
हालांकि, किस्तों में भुगतान की सुविधा के लिए उपभोक्ताओं को विभाग द्वारा निर्धारित नियम और प्रक्रिया का पालन करना होगा. उपभोक्ता संबंधित बिजली वितरण कंपनी के कार्यालय या उपभोक्ता सेवा केंद्र से सुविधा और आवश्यक प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं.
बकाया बिल जमा करने में होगी आसानी
उपभोक्ताओं का कहना है कि बढ़ती महंगाई के बीच किस्तों में भुगतान की सुविधा काफी उपयोगी साबित हो सकती है. खासकर उन परिवारों को इससे राहत मिलेगी, जिनके ऊपर कई महीनों का बिजली बिल बकाया है. आसान किस्तों में भुगतान की व्यवस्था से बकाया राशि जमा करने में सुविधा होगी और बिजली कनेक्शन कटने जैसी परेशानी से भी बचा जा सकेगा.
विभाग की यह पहल उपभोक्ता हित में महत्वपूर्ण मानी जा रही है. इससे एक ओर बकाया बिजली बिल जमा करना आसान होगा, वहीं दूसरी ओर उपभोक्ताओं पर एकमुश्त भुगतान का आर्थिक दबाव भी कम होगा.
