तलाकशुदा महिला ने युवक पर शारीरिक शोषण व ब्लैकमेल के आरोप में दर्ज करायी प्राथमिकी

पूर्णिया जिले के एक गांव की रहने वाली तलाकशुदा महिला ने एक युवक पर शारीरिक शोषण व वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाते हुए सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है.

किशनगंज. पूर्णिया जिले के एक गांव की रहने वाली तलाकशुदा महिला ने एक युवक पर शारीरिक शोषण व वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाते हुए सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है. प्राथमिकी शुक्रवार को न्यायालय के आदेश पर दर्ज की गयी है. पीड़िता अपनी सात साल की बेटी के साथ फिलहाल सदर थाना क्षेत्र में किराए के मकान में रहती है. प्राथमिकी के अनुसार वर्ष 2015 में उसका निकाह एक व्यक्ति से हुआ था, लेकिन वर्ष 2018 में पंचायत के सामने तलाक हो गया. इसके बाद वह बेटी के साथ आजीविका चलाने के लिए किशनगंज आ गयी. वर्ष 2022 में फेसबुक पर आरोपी युवक सरफराज आलम से दोस्ती हुई. आरोपित युवक धीरे-धीरे पीड़ित महिला को विश्वास में लेने लगा. एक दिन युवक ने महिला की बात अपने परिजनों से करायी. पांच दिसंबर 2024 को युवक महिला के घर आया, निकाह का झांसा देकर शारीरिक शोषण किया. इस बीच मिठाई खिलाई और चुपके से वीडियो बना लिया. बाद में वह निकाह के नाम पर टालमटोल करने लगा. छह नवंबर 2025 को युवक अपने साथियों के साथ घर आया और निकाह के लिए महिला के पिता से दो लाख रुपये नकद व एक गाड़ी दहेज में मांगने लगा. मना करने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी. थक हार कर पीड़ित महिला ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया, जहां न्यायालय के आदेश पर सदर थाना में मामला दर्ज कराया गया. सदर थानाध्यक्ष अभिषेक रंजन ने बताया कि न्यायालय के निर्देश पर मामला दर्ज कर कांड का अनुसंधान प्रारंभ कर दिया गया है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AWADHESH KUMAR

AWADHESH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >