इंट्री माफियाओं के खिलाफ जिला प्रशासन सख्त, 23 ट्रक जब्त

इंट्री माफियाओं के खिलाफ जिला प्रशासन सख्त, 23 ट्रक जब्त

किशनगंज. इंट्री माफिया और संगठित अपराध करने वाले माफियाओं के खिलाफ अब प्रशासन ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है. जिला प्रशासन ऐसे लोगों को चिन्हित कर कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ आर्थिक अपराध के तहत उनपर कार्रवाई करेगा. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार एनएच 27 व 327 ई होकर इंट्री माफियाओं की और से गाड़ियों को इंट्री फीस लेकर पार कराया जाता है. इसमें कोयला, बेडमिसाली, पत्थर, पान मसाला, मवेशी के ट्रकों सहित अन्य सामानों के ट्रकों को इंट्री के माध्यम से पार कराया जाता है. इस इंट्री के धंधे में कई माफिया शामिल है जिनका नाम पुलिस मुख्यालय पटना की जांच में सामने आया है.

मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति

जिला प्रशासन द्वारा इंट्री माफियाओं पर कार्रवाई के लिए गलगलिया सहित कई चेकपोस्ट पर मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति की गयी है. जहां 24 घंटे वाहनों की जांच होती है. लेकिन इसका कोई असर इंट्री माफियाओं पर नही देखा जा रहा है.

कोड के माध्यम से होती इंट्री

इंट्री माफिया कोड के माध्यम से इंट्री का काला धंधा चलाते है. एनएच 27 व 327 ई होकर ट्रक चालक इंट्री करवाते है तो ही पार कर पाते है और जो इंट्री नही करवाते है, उनके साथ जबरन मारपीट किया जाता है. इस इंट्री कोड में कभी बादशाह तो कभी मेजर तो कभी ब्लैक कोबरा कोड के नाम से समय समय पर बदल दिया जाता है.

पूर्व में कई मामले सामने आए है

ठाकुरगंज प्रखंड के जिरनगच्छ टोल प्लाजा के पास एनएच-327ई कई माह पूर्व मवेशी ट्रक से भैंस लूटने और इंट्री को लेकर मारपीट व विवाद की घटना हो चुकी है. मामला काफी तूल पकड़ने के बाद इस मामले में इंट्री माफिया मेजर उर्फ मंजर की गिरफ्तारी हो चुकी है. मामले की जांच अब पटना से आयी सीआईडी कर रही है. वहीं इस मामले में गिरोह के अन्य सदस्यों पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है.

वाणिज्य कर विभाग पटना की टीम ने की कार्रवाई

वाणिज्य कर विभाग की पटना स्थित अन्वेषण ब्यूरो टीम ने कार्रवाई की है. टीम के द्वारा शुक्रवार की रात्रि को किशनगंज पुलिस के साथ शहर के बस स्टैंड एनएच 27, हलिम चौक व गलगलिया चेकपोस्ट में सक्रिय होकर वाहनों की गहन जांच की गई. यह अभियान मुख्य रूप से अवैध इंट्री (कर चोरी) को रोकने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है. पटना से आई विशेष टीम ने देर रात्रि में किशनगंज के बस स्टैंड के आसपास और शहर की कई व्यस्त सड़कों पर चेकिंग शुरू की. टीम वाहनों के दस्तावेजों, जीएसटी बिल, वे-बिल, ई-वे बिल और अन्य संबंधित कागजातों की बारीकी से जांच की है.

23 ट्रक हुए जब्त

वाणिज्य कर विभाग की जांच में 23 मालवाहक ट्रकों को जब्त किया गया. जब्त ट्रकों में कोयला, गिट्टी, बालू, पान मसाला, गुटखा समेत अन्य मिक्स गुड्स लदे थे, जिनके पास वैध चालान व जीएसटी दस्तावेज नहीं पाए गए है.

बारह चिन्हित इंट्री माफियाओं पर कार्रवाई कब

पुलिस मुख्यालय ने किशनगंज के बारह इंट्री माफियाओं को चिह्नित कर कार्रवाई के लिए डीआईजी, डीएम व एसपी को कुछ माह पूर्व पत्र भेजा था. सूत्रों के अनुसार इस पत्र में तौफीक आलम, बादशाह आलम, मंजर आलम, नदीम असगर, मो आशिक, मो सरफराज, मो इमरान, अरूण कुमार, रईस कैशर, जवारूल, मो0 इरफान, मुखलेश के नाम अंकित है. इसमें मंजर आलम को छोड़ बाकी पर कोई कार्रवाही अब तक नही हुई है.

क्या कहते है डीएम

डीएम विशाल राज ने बताया कि गलगलिया सहित जिला के कई चेकपोस्टों पर मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति की गयी है. चेकपोस्ट पर वाहनों की लगातार जांच हो रही है और कार्रवाही भी की जा रही है. अवैध तरीके से अर्जित संपत्ति के खिलाफ आर्थिक अपराध शाखा के माध्यम से भी कार्रवाही की जाएगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AWADHESH KUMAR

AWADHESH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >