किशनगंज जिला प्रभारी मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल के सरस्वती पूजा को लेकर दिये गये बयान पर कांग्रेस नेताओं ने कड़ी आपत्ति जतायी है. कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष इमाम अली चिंटू और कांग्रेस नगर अध्यक्ष सजल कुमार साहा ने मंत्री के बयान की निंदा करते हुए उनसे सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है.
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि धार्मिक पर्व और उससे जुड़ी आस्था को लेकर जनप्रतिनिधियों की टिप्पणी मर्यादित और संवेदनशील होनी चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री के बयान से सरस्वती पूजा आयोजित करने वाले युवाओं और श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुई हैं.
क्या कहा था प्रभारी मंत्री ने
प्रभारी मंत्री डॉ. शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल ने कहा था कि देश में अलग-अलग त्योहार मनाये जाते हैं. होली, दीपावली और ईद जैसे पर्व लोग मिल-जुलकर मनाते हैं. सरस्वती पूजा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा था कि यहां के युवा सड़क पर बैरियर लगाकर रुपये की वसूली करते हैं और बाद में उसी पैसे से शराब का नशा करते हैं तथा डीजे पर नाचते हैं.
मंत्री के इसी बयान को लेकर अब राजनीतिक प्रतिक्रिया तेज हो गयी है. कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि कहीं चंदा वसूली या शराब का सेवन जैसी अनियमितता होती है तो प्रशासन को कार्रवाई करनी चाहिए, लेकिन पूजा से जुड़े युवाओं को लेकर इस तरह की टिप्पणी उचित नहीं है.
स्पष्टीकरण और माफी की मांग
वरीय कांग्रेस नेता इमाम अली चिंटू और सजल कुमार साहा ने प्रभारी मंत्री से बयान को लेकर स्पष्टीकरण देने और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है. उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों से जुड़े विषयों पर बयान देते समय जनप्रतिनिधियों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए.
