उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पण के साथ चैती छठ संपन्न

उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पण के साथ चैती छठ संपन्न

धोबीघाट व रुईधासा समेत विभिन्न घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़, सुख-समृद्धि व शांति की कामना के साथ महापर्व का हुआ समापन

किशनगंज. लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व ”चैती छठ” बुधवार को पूरी श्रद्धा, पवित्रता व अटूट विश्वास के साथ संपन्न हो गया. उदीयमान भगवान भास्कर को द्वितीय अर्घ्य अर्पण करने के साथ ही व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला उपवास समाप्त हुआ. शहर के विभिन्न नदी घाटों, तालाबों व घरों में बने स्वनिर्मित घाटों पर सुबह से ही उत्सव जैसा माहौल बना रहा.

धोबीघाट पर उमड़ा आस्था का सैलाब

बुधवार की सुबह तड़के से ही श्रद्धालु व छठव्रती पारंपरिक गीतों के साथ घाटों की ओर प्रस्थान करने लगे थे. शहर के प्रमुख धोबीघाट पर बड़ी संख्या में व्रती व दर्शनार्थी एकत्रित हुए. जैसे ही सूर्य की पहली किरण दिखायी दी, व्रतियों ने दूध व जल से भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया व अपने परिवार व समाज की सुख-समृद्धि की कामना की.

घरों व मोहल्लों में भी भक्तिमय माहौल

नदी घाटों के अलावा, शहर के रुईधासा व अन्य मोहल्लों में कई श्रद्धालुओं ने अपने घरों की छतों या परिसरों में स्वनिर्मित घाट बनाकर पूजन किया. मंगलवार की शाम अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के बाद से ही घरों में उत्साह का माहौल था. छठ के पारंपरिक गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा. लोग आस्था की डुबकी लगाते नजर आए.

बाजारों में रही रौनक व पवित्रता का संकल्प

छठ पर्व को लेकर पिछले चार दिनों से शहर में विशेष चहल-पहल देखी गयी. पूजन सामग्री, फल और सूप-दउरा की खरीदारी के लिए बाजारों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी रही. पर्व के दौरान हर घर में स्वच्छता व पवित्रता का विशेष ध्यान रखा गया. भगवान भास्कर को अर्घ्य देने के साथ ही जिले में चार दिनों से चल रहा यह आध्यात्मिक अनुष्ठान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया. व्रतियों ने पारण कर अपना व्रत खोला व प्रसाद वितरण के साथ पर्व की खुशियां साझा कीं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AWADHESH KUMAR

AWADHESH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >