विमल साह के अपहरण का सनसनीखेज मामला,
मोतीबाग से बदमाशों ने वाहन समेत किया था अगवा
चालक के चकमा देकर भागने से खुला राज, लेन-देन के विवाद में वारदात की आशंका
किशनगंज. शहर के मोतीबाग मुख्य सड़क से टेढ़ागाछ प्रखंड के झाला निवासी व्यवसायी विमल कुमार साह के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है. हालांकि, बंगाल की इस्लामपुर थाना पुलिस की तत्परता से मंगलवार की रात्रि को अपहृत व्यवसायी को सकुशल बरामद कर लिया गया है. पुलिस ने इस मामले में अपहरण के आरोपितों को भी गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है.
कैश व चेक लेकर निकले थे व्यवसायी
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, व्यवसायी विमल साह मंगलवार को अपने चालक पप्पू मंडल के साथ पांच लाख रुपए नकद व चेक लेकर चार पहिया वाहन से किशनगंज की ओर निकले थे. मंगलवार की शाम जब वे मोतीबाग के पास पहुंचे, तो वहां पहले से घात लगाकर बैठे अज्ञात बदमाशों ने जबरन उनका वाहन रुकवा लिया व उसे अपने नियंत्रण में ले लिया. बदमाशों ने व्यवसायी व चालक दोनों का अपहरण कर लिया.
चालक की सूझबूझ से मिली जानकारी
अपहरण के दौरान वाहन चालक पप्पू मंडल किसी तरह बदमाशों के चंगुल से निकलने में कामयाब रहा. उसने तुरंत व्यवसायी के परिजनों को घटना की सूचना दी, जिसके बाद हड़कंप मच गया. बुधवार को सदर थाना में पीड़ित के रिश्तेदार सुशील कुमार साहा (सिकटी दहगामा, अररिया) के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
चेक पर हस्ताक्षर कराने के बाद सिलीगुड़ी ले जाने की थी तैयारी
बताया जाता है कि बदमाश व्यवसायी विमल को बंगाल के एक होटल में ले गए, जहां उनसे धोखे से किसी चेक पर हस्ताक्षर करवा लिए गए. इसके बाद बदमाश उन्हें वाहन से सिलीगुड़ी की ओर ले जाने लगे. इसी बीच सूचना मिलते ही इस्लामपुर पुलिस ने सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाकर उक्त गाड़ी को जब्त कर लिया व अपहृत व्यवसायी को मुक्त करा लिया.
पुलिस का कहा : लेन-देन का मामला आ रहा सामने
एसडीपीओ वन गौतम कुमार ने बताया कि प्रथमदृष्टया यह मामला रुपयों के लेन-देन से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. बंगाल पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में भी लिया है. किशनगंज सदर थाना पुलिस की एक टीम को इस्लामपुर भेजा गया था, जो व्यवसायी को लेकर वापस लौट आयी है. फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर गंभीरता से पड़ताल कर रही है और आरोपियों से पूछताछ जारी है.
