रहमतपुर आदिवासी टोले में भीषण आगलगी, छह परिवारों के घर जले
Copied link
रहमतपुर आदिवासी टोले में भीषण आगलगी, छह परिवारों के घर जले
आगलगी में एक गाय व 11 बकरियों की मौत, हजारों की संपत्ति राख
पहाड़कट्टा. पहाड़कट्टा थाना क्षेत्र के भोटाथाना पंचायत अंतर्गत रहमतपुर आदिवासी टोले में रविवार की देर रात अचानक आग लग जाने से छह आदिवासी परिवारों का मकान जलकर राख हो गया. आगलगी की इस घटना में घर में रखे कपड़े, बर्तन, जेवरात, नगद रुपये, धान और चावल समेत सभी सामान जलकर नष्ट हो गए. वहीं आग की चपेट में आने से एक गाय और 11 बकरियों की झुलसने से मौत हो गयी. आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है. ग्रामीणों के अनुसार आग इतनी भयावह थी कि कोई भी व्यक्ति आग बुझाने या घरों से सामान निकालने की हिम्मत नहीं जुटा सका. देखते ही देखते आग ने पूरे आदिवासी टोले को अपनी चपेट में ले लिया. छत्तरगाछ पुलिस पिकेट प्रभारी राम बहादुर शर्मा को जैसे ही आगलगी की सूचना मिली, उन्होंने तुरंत पोठिया और पहाड़कट्टा फायर ब्रिगेड को सूचना दी. फायर ब्रिगेड की टीम के मौके पर पहुंचने के बाद काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका. सोमवार को अंचल कार्यालय पोठिया से राजस्व कर्मचारी तारा कुमारी घटनास्थल पर पहुंचीं और क्षति का आकलन किया. ग्रामीण धर्मेंद्र कुमार गणेश, भवेश गणेश, अभय कुमार पंडित सहित अन्य लोगों ने बताया कि रविवार रात आग की चिंगारी दिखते ही गांव में अफरातफरी मच गयी. जब तक लोग घटनास्थल पर पहुंचे, तब तक कई घर धू-धू कर जल रहे थे. इस आगलगी की घटना में बिरजू सोरेन, तनु सोरेन, सुनी राम सोरेन, मंगलू सोरेन, बुधलाल सोरेन और मंगल सोरेन का मकान जल गया. आग में करीब 40 हजार रुपये नगद समेत घरेलू सामान पूरी तरह नष्ट हो गया. साथ ही एक गाय और 11 बकरियों की झुलसने से मौत हो गयी.
अवधेश कुमार विगत 25 वर्षों से पत्रकारिता से जुड़े हुए हैं. इन्होंने बतौर पत्रकार अपने कैरियर की शुरूआत वर्ष 2001 से की. उसके बाद विगत 15 वर्षो से प्रभात खबर, किशनगंज के कार्यालय प्रभारी के रूप में कार्यरत हैं. इनकी रूचि राजनीतिक, सामाजिक व अपराध से जुड़ी खबरों में है.