किशनगंज : बहादुरगंज प्रखंड के भाटाबाड़ी पंचायत समेत आसपास के इलाकों में बिजली की समस्या को लेकर पूर्व जिला पार्षद सह वर्तमान जिला पार्षद प्रतिनिधि इमरान आलम ने ऊर्जा विभाग के मुख्य अभियंता, योजना एवं अभियंत्रण मनोज कुमार से पटना स्थित कार्यालय में मुलाकात की. उन्होंने क्षेत्र में निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए नया पावर सब-स्टेशन बनाने समेत कई मांगें रखीं.
लो-वोल्टेज और ट्रांसफार्मर जलने से परेशानी
इमरान आलम ने बताया कि भाटाबाड़ी, झींगाकाटा, महेशबथना, लौचा, निशन्द्रा, दुर्गापुर बंगामा, पलासमनी और समेसर सहित कई पंचायतों में लो-वोल्टेज की समस्या बनी रहती है. बार-बार ट्रांसफार्मर जलने, जर्जर तार और लंबी दूरी से बिजली आपूर्ति होने के कारण किसानों, छात्रों और आम उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
कृषि कार्य के लिए निर्बाध बिजली की मांग
उन्होंने कृषि कार्य के लिए विद्युतीकरण और कृषि फीडर को मजबूत करने की मांग की. उनका कहना है कि पर्याप्त बिजली मिलने से किसानों को सिंचाई में सुविधा होगी और फसल उत्पादन बढ़ाने में मदद मिलेगी. उन्होंने कहा कि लौचा में पावर सब-स्टेशन का निर्माण हो रहा है, लेकिन इससे सभी क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित होना संभव नहीं है.
नया पावर सब-स्टेशन बनाने की मांग
इमरान आलम ने मांग पत्र सौंपकर भाटाबाड़ी या झींगाकाटा पंचायत में 33/11 केवीए का नया पावर सब-स्टेशन स्थापित करने की मांग की. इसके अलावा अधिक भार वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त वितरण ट्रांसफार्मर लगाने तथा जर्जर और लटके तारों को बदलकर नए केबल लगाने की मांग भी रखी.
सर्वे के बाद कार्रवाई का आश्वासन
इमरान आलम के अनुसार, मुख्य अभियंता मनोज कुमार ने सभी मांगों को गंभीरता से सुना और विभागीय सर्वेक्षण कराने के बाद आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि भाटाबाड़ी में नया पावर सब-स्टेशन स्थापित होने से बहादुरगंज प्रखंड के हजारों परिवारों को गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध बिजली आपूर्ति का लाभ मिल सकेगा.
