बरचौंदी में नए बिजली उपकेंद्र की मांग, ऊर्जा मंत्री को विधायक ने सौंपा प्रस्ताव

ठाकुरगंज के विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल ने बरचौंदी में 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र स्थापित करने के लिए ऊर्जा मंत्री को पत्र सौंपा है। जानें पूरी जानकारी।

ठाकुरगंज विधानसभा क्षेत्र के विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल ने ठाकुरगंज प्रखंड की बरचौंदी पंचायत में नया 33/11 केवी विद्युत शक्ति उपकेंद्र स्थापित करने की मांग उठाई है. इस संबंध में उन्होंने 10 जुलाई 2026 को बिहार के ऊर्जा मंत्री से मुलाकात कर एक मांग पत्र सौंपा और प्रस्ताव को शीघ्र स्वीकृति देने का आग्रह किया.

25 हजार उपभोक्ताओं को हो रही परेशानी

विधायक ने अपने पत्र में बताया कि बरचौंदी, दुधौटी, छैतल, खारूदह, जिरानगच्छ, तातपौआ, भोलमारा, दल्लेगांव और भोगडाबर समेत आसपास की पंचायतों के करीब 25 हजार बिजली उपभोक्ता वर्तमान में ठाकुरगंज ग्रिड के तैयबपुर फीडर से बिजली प्राप्त कर रहे हैं. लगभग 150 किलोमीटर लंबे फीडर के कारण क्षेत्र में बार-बार बिजली बाधित होने और लो वोल्टेज की समस्या बनी रहती है.

औद्योगिक और सामरिक जरूरतों का भी दिया हवाला

पत्र में विधायक ने उल्लेख किया है कि क्षेत्र में नुमालीगढ़ रिफाइनरी लिमिटेड का पंपिंग स्टेशन निर्माणाधीन है, जिसके संचालन के लिए करीब तीन मेगावाट अतिरिक्त बिजली की आवश्यकता होगी. इसके अलावा सरकार द्वारा 150 एकड़ भूमि सेना छावनी के लिए अधिग्रहित की गई है, जहां भविष्य में करीब चार मेगावाट बिजली की जरूरत पड़ेगी.

सीमांचल के विकास के लिए बताया जरूरी

विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल ने कहा कि बढ़ती उपभोक्ता संख्या, क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, औद्योगिक संभावनाओं और सीमांचल के समग्र विकास को देखते हुए बरचौंदी में नया 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र स्थापित किया जाना आवश्यक है. उन्होंने ऊर्जा मंत्री से इस प्रस्ताव को जल्द मंजूरी देने की मांग की है.

मंजूरी मिलने पर मिलेगी बड़ी राहत

यदि बरचौंदी में नए विद्युत उपकेंद्र की स्थापना को स्वीकृति मिलती है तो ठाकुरगंज प्रखंड के हजारों उपभोक्ताओं को लो वोल्टेज, बार-बार बिजली कटने और अनियमित आपूर्ति जैसी समस्याओं से राहत मिलने की उम्मीद है.

यह भी पढ़ें : कीचड़ में तब्दील सड़क बनी ग्रामीणों की मुसीबत, स्कूली बच्चों का स्कूल जाना हुआ मुश्किल


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat khabar news desk

Published by: Shruti Kumari

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >