अपर थानाध्यक्ष ने पुलिस बल की तैनाती व सख्त कार्रवाई की बात कही, रमजान माह को ध्यान में रखते हुए विशेष सुरक्षा इंतजाम
ठाकुरगंज. होली के पर्व को शांति व सौहार्दपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को ठाकुरगंज थाना में शांति समिति की बैठक की गयी. इसकी अध्यक्षता अपर थानाध्यक्ष नवनीत कुमार ने की, और इसमें नगर के गणमान्य नागरिकों तथा जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया. बैठक में बीडीओ अमहर अब्दाली, सीओ मृत्युंजय कुमार व अपर थानाध्यक्ष ने संयुक्त रूप से पर्व को सद्भावपूर्ण माहौल में मनाने की अपील की. इस अवसर पर यह निर्णय लिया गया कि रमजान माह में होली होने की वजह से संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की जाएगी. साथ ही, दो गश्ती दल लगातार गश्त करेंगे ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो. अपर थानाध्यक्ष ने चेतावनी दी कि होली के दौरान हुड़दंग मचाने वाले व डीजे पर अश्लील गीत बजाने वालों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि पर्वों की खुशियों को बिगाड़ने वालों को कतई बख्शा नहीं जाएगा. इस मौके पर नप मुख्य पार्षद सिकंदर पटेल, राजद नेता मुश्ताक आलम, शिव कुमार, अनिल महराज, राजेश करनानी, गोपाल केजरीवाल, मो सोहराब समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे. बैठक के दौरान सभी ने मिलकर शांति और सद्भावना के साथ होली मनाने का संकल्प लिया.
अवधेश कुमार विगत 25 वर्षों से पत्रकारिता से जुड़े हुए हैं. इन्होंने बतौर पत्रकार अपने कैरियर की शुरूआत वर्ष 2001 से की. उसके बाद विगत 15 वर्षो से प्रभात खबर, किशनगंज के कार्यालय प्रभारी के रूप में कार्यरत हैं. इनकी रूचि राजनीतिक, सामाजिक व अपराध से जुड़ी खबरों में है.