किशनगंज.
जिला पदाधिकारी विशाल राज व पुलिस अधीक्षकसागर कुमार के संयुक्त आदेशानुसार गलगलिया चेकपोस्ट पर असम, नागालैंड व पश्चिम बंगाल से बिहार में प्रवेश करने वाले कोयला, गिट्टी, बालू सहित अन्य ओवरलोडेड व संदिग्ध वाहनों के परिवहन की सघन जांच की जा रही है. इस कार्रवाई में गलगलिया चेकपोस्ट पर 43 वाहनों से 4.11 लाख रुपये जुर्माने की वसूली की गयी. इस क्रम में फर्जी जीएसटी बिल व माईनिंग चालान के बिना परिचालित वाहनों के माध्यम से की जा रही अवैध आपूर्ति व सीमावर्ती क्षेत्रों में मवेशी, बालू, बेड मिशाली, कोयला, लकड़ी, ब्राउन शुगर, स्मैक, गांजा, सोना, चांदी इत्यादि की अवैध तस्करी की रोकथाम व जांच के लिए मद्य निषेध चेकपोस्ट, गलगलिया पर पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गयी है. दरअसल, अररिया-गलगलिया एनएच.-327ई, किशनगंज-दालकोला एनएच 327, दालकोला-बिपरी पटना (ग्वालपोखर थाना), उत्तर दिनाजपुर व किशनगंज जिला से सटे सीमावर्ती क्षेत्रों में इंट्री माफियाओं द्वारा अवैध तस्करी किए जाने की संभावना संबंधी शिकायत प्राप्त हुई थी. इस शिकायत के आलोक में जिला प्रशासन द्वारा लगातार सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई की जा रही है. गलगलिया चेकपोस्ट पर प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारी, पूर्व से प्रतिनियुक्त मद्य निषेध पुलिस बल के साथ वाहनों की जांच कर रहे हैं.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
