ग्रामीणों ने लगाया निर्माण कार्य में अनियमितता का आरोप
दिघलबैंक : प्रखंड के पदमपुर पंचायत अंतर्गत कटहलबाड़ी गांव से होते हुए राजघाट तक बनने वाली मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क योजना में संवेदक द्वारा भारी अनियमितता बरती जा रही है़ ग्रामीणों ने भारी अनियमितता को देख सड़क पर विरोध किया एवं काम बंद करने मांग की. साथ ही वरीय पदाधिकारी से निर्माण कार्य के गुणवत्ता की जांच किये जाने मांग भी की. कटहलबाड़ी गांव के स्थानीय निवासी कृष्णानंद गणेश, हंसा देवी, रूप लाल, कलुआ देवी, उमेश, खगेंद्र कुमार,
पटकारी लाल, जय नारायण, गणेश, रीमा कुमारी, पप्पू प्रसाद गणेश, गेयठू सिंह, संजय कुमार, शिवा कुमार सिंह, रतन लाल सिंह सहित अन्य ग्रामीणों ने बतासया कि कार्य चालू होने के महीनों दिन बीत जाने के बाद भी ठेकेदार द्वारा बोर्ड नहीं लगाया गया है़ रोड में मिट्टी डालने के लिए सड़क किनारे की खेती की भूमि जिसपर मक्के की फसल लगी है. उसको नुकसान पहुंचा कर मानमाने ढंग से जेसीबी से 8-10 फीट मिट्टी काट ली गयी है़ घर के किनारे और बांस झाड़ के निकट भी बड़ी बड़े-बड़े गड्ढे खोद दिये गये है़ बरसात के दिनों में इसमें पानी भर जायेगा़
घर के बगल में छोटे छोटे बच्चे खेलते है़ आगे कोई बड़ी घटना न घट जाये़ वहीं पूर्व में कटहलबाड़ी गांव के बीचोबीच पंचायत स्तर पर 400 फीट आरसीसी की ढलाई है. जिसकी चौड़ाई 8 फीट है़ ग्रामीणों के मुताबिक मिट्टी कटाई समय मुआवजा देने की बात कही मगर अभी साफ इनकार कर रहा है़ उन लोगों ने बताया कि लिखित आवेदन बीडीओ एवं जिला पदाधिकारी को देकर मामला की सूचना देंगे, ताकि सरकारी राशि का बंदरबांट न हो सके.
