ठाकुरगंज. नगर पंचायत के फारावारी वार्ड संख्या-2 स्थित प्राचीन मां शीतला मंदिर में मंगलवार को आयोजित वार्षिक पूजनोत्सव श्रद्धा व भक्ति के अनूठे संगम के रूप में देखने को मिला. सुबह होते ही मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से खचाखच भर गया. दिनभर दर्शन-पूजन का सिलसिला जारी रहा. नगर सहित आसपास के गांवों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में मत्था टेककर सुख-समृद्धि व निरोगी जीवन की कामना की. आयोजन समिति द्वारा पंडाल, पेयजल, बैठने की समुचित व्यवस्था की गयी थी. इससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो. दोपहर में वैदिक मंत्रोच्चारण व पारंपरिक विधि-विधान के बीच पूजा-अर्चना संपन्न हुई. मंत्रों की गूंज व घंटियों की ध्वनि से वातावरण भक्तिमय हो गया. महिलाओं की भागीदारी उल्लेखनीय रही. व्रती महिलाओं ने उपवास रखकर विधिवत पूजा की. माता को खिचड़ी का भोग अर्पित किया, जिसे प्रसाद के रूप में वितरित किया गया. मालूम हो कि यह परंपरा वर्ष 1956 से लगातार चली आ रही है. आज भी क्षेत्रवासियों की आस्था का केंद्र है. पुरोहित सचिन चक्रवर्ती ने बताया कि मां शीतला की पूजा से रोगों से रक्षा होती है. घर-परिवार में सुख-समृद्धि का वास होता है.
मां शीतला पूजनोत्सव में उमड़े श्रद्धालु
मां शीतला पूजनोत्सव में उमड़े श्रद्धालु
