डीएम ने निर्माण स्थल का लिया जायजा
तीन एकड़ जमीन चिह्नित कर अलग पैमाइश करने का निर्देश अंचलाधिकारी को दिया
जिला के भेरियाडांगी प्रखंड परिसर के पास बियाडा की तीन एकड़ जमीन पर 13.50 करोड़ की लागत से बनेगा महिला आइटीआइ कॉलेज.
किशनगंज : 13.50 करोड़ की लागत से भेरियाडांगी प्रखंड परिसर के पास वियाडा की 3 एकड़ जमीन में महिलाओं के लिए आईटीआई कॉलेज खुलेगी. अपने निश्चय यात्रा पर निकले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार महिला आईटीआई कॉलेज की आधारशिला रखेंगे. जिला को शिक्षा का हब बनाने की कवायद में एक और नायाब तोहफा इस जिला को मिलने की संभावना है.
गुरूवार को डीएम सदलबल पहुंच कर वियाडा की खाली जमीन का भौतिक सत्यापन किया एवं 3 एकड़ जमीन चिन्हित कर अलग पैमाइश करने का निर्देश अंचलाधिकारी को दिया. सनद रहे कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार निश्चय यात्रा के तहत 7 दिसंबर की शाम किशनगंज पहुंचेंगे. डीएम की अगुवायी में प्रतिदिन अधिकारियों का काफिला मुख्यमंत्री के प्रस्ताविक सभा स्थल, प्रस्ताविक पंचायत भ्रमण, बैठक स्थल, विश्राम स्थल एवं हवाई अड्डा की नियमित मुआयना कर रहे है. आईटीआई कॉलेज की जमीन चयन करने के समय डीएम पंकज दीक्षित, अपर समाहर्ता रामजी साह, ओएसडी सह वरीय उपसमाहर्ता हीरामुनि प्रभाकर, डीसीएलआर नीरज कुमार दास, वरीय उपसमाहर्ता मनीष कुमार, सीओ रमण कुमार, बीडीओ ओम प्रकाश, अमीन नुरूल हसन सहित भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता मौजूद थे.
