पत्रकारों को संबोधित करते अररिया के सांसद मो तसलीम उद्दीन व अन्य.
तरीके में और सुधार की है जरूरत
राजद सांसद ने पीएम ने निर्णय को सराहा
किशनगंज : राजद सांसद तसलीमउद्दीन ने केंद्र सरकार के नोटबंदी के फैसले का स्वागत किया है. उन्होंने कहा कि किसी भी कठिन काम की शुरुआत में परेशानी होती होती है. बुधवार को स्थानीय जिला अतिथि गृह में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि नोटबंदी की घोषणा ऐतिहासिक कदम है लेकिन तरीके में सुधार की जरूरत है. जाली नोट एवं हवाला कारोबारी पर नकेल कसने की दिशा में इस फैसले का स्वागत सभी को करना चाहिए. उन्होंने कहा कि खास कर नेपाल व बांग्लादेश की सीमा पर बसे इस इलाके में जाली नोट का चलन बहुत ज्यादा था. नोटबंदी के उद्देश्यों की पूर्ति के लिए यह जरूरी है कि काला धन को छुपाने के लिए कई धन्ना सेठों ने मजदूरों को लाइन में लगवाया है.
बैंक से सांठगांठ की एवं जन धन योजना के खाते खरीद कर उसमें धन छिपाया है. उसकी जांच होनी चाहिए. उन्होंने बैंकों के द्वारा लेन देने पर भी पैनी नजर रखने की जरूरत है. बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा नोटबंदी के फैसले पर समर्थन के जवाब में सांसद तस्लीमुद्दीन ने कहा कि नीतीश कुमार नरेंद्र मोदी का समर्थन किया है न कि मुद्दे का. उन्होंने कहा कि सभी पार्टी में तीन चार लोग हैं, जिसे देश की प्रगति से कोई लेना देना नहीं है. बल्कि फायदा कहां से होगा इस चक्कर में ही लगे रहते हैं
और अपने आकाओं को भी गलत सलाह देकर गुमराह कर रहे हैं. किशनगंज में इन दिनों कुछ घटनाओं को सांप्रदायिक रंग देने की बाबत सांसद तस्लीमुद्दीन ने कहा कि प्रशासन और प्रशासनिक दलाल के गंठजोड़ का नतीजा है. उन्होंने कहा कि बुद्धिजीवी इस पर नजर रखें. उन्होंने इस इलाके के जनप्रतिनिधि पर भी एक साथ निशाना साधते हुए कहा कि एक दर्जन से अधिक लंबी दूरी की ट्रेन कटिहार में 24 घंटे खड़ी रह कर दूसरे दिन खुलती हैं लेकिन यहां
के जनप्रतिनिधि उस ट्रेन को किशनगंज तक नहीं ला सकते. जनप्रतिनिधि जाति, मजहब और धर्म को बांट कर चुनाव जीत लेते हैं उसके बाद अवाम को उसी हाल पर छोड़ देते है. इस अवसर पर जिलाध्यक्ष इंतेखाब आलम बबलू,शकील अंजूम राही, विष्णु कुमार सिंह, ब्रह्म कुमार, फकरे, मो अली सहित कई लोग मौजूद थे.
