जोकीहाट : प्रखंड क्षेत्र के ग्राम पंचायत गैरकी मसूरिया में बारहवीं वित्त योजना की सरकारी राशि के गबन के आरोप में मुखिया इमरान साबिर व पंचायत सचिव जय राम शर्मा के विरुद्ध उप विकास आयुक्त अररिया के निर्देश पर प्रखंड विकास पदाधिकारी अमित कुमार अमन ने जोकीहाट थाना में प्राथमिकी दर्ज करवाया है.
बताया जाता है कि पंचायत में बारहवीं वित्त की योजना में पंचायत के मुखिया व पंचायत सचिव द्वारा सरकारी राशि की गबन करने को ले कर ग्रामीणों द्वारा जिला पदाधिकारी अररिया जांच के लिए आवेदन दिया गया था. आवेदन के आलोक में जिला पदाधिकारी ने उप विकास आयुक्त अररिया की अध्यक्षता में जांच दल गठित किया गया था.
गठित जांच दल ने स्थल निरीक्षण कर जिला पदाधिकारी अररिया को अपने पत्रांक 1199/अभि. दिनांक 12 अगस्त 2015 को विस्तृत जांच प्रतिवेदन समर्पित किया गया था. समर्पित जांच प्रतिवेदन में यह उल्लेख किया गया था कि ग्राम पंचायत गैरकी मसूरिया में बारहवीं वित्त की योजना में अनियमितता की गयी है.
इसी अनियमितता एवं सरकारी राशि के गबन के आरोप में अनुमंडल पदाधिकारी अररिया के ज्ञापांक 642/सी दिनांक 27 अगस्त 2015 के आलोक में बीडीओ जोकीहाट ने दिनांक 23 नवंबर 2015 को जोकीहाट थाना में मुखिया व पंचायत सचिव पर प्राथमिकी दर्ज करवाया है. थानाध्यक्ष मो जनीफउद्दीन ने बताया कि दोनों के विरुद्ध कांड संख्या 326/15 दर्ज किया गया है.
