किशनगंज : जदयू विधायक मास्टर मुजाहिद आलम के नेतृत्व में ठाकुरगंज विधायक नौशाद आलम एवं जदयू प्रदेश उपाध्यक्ष सैयद महमूद अशरफ ने पटना के एक अन्ने मार्ग सीएम हाउस में बिशनपुर कांड को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात कर लिखित में विस्तार से उन्हें घटना की जानकारी दी.
विधायक मुजाहिद आलम ने अपने पत्रांक 204 दिनांक 20 अगस्त 2018 के द्वारा कहा कि बिशनपुर हाट किशनगंज जिले की सबसे बड़ा राजस्व हाट है़ जहां अन्य वस्तुओं के साथ पशुपालक अपने मवेशी भी खरीद बिक्री करते हैं. जिससे सरकार को भी राजस्व मिलता है. बीते 16 अगस्त को गौ ज्ञान फाउंडेशन,दिल्ली की सदस्या शिवानी शर्मा और सिद्धांत दहिया पुलिस के साथ अचानक बिशनपुर मवेशी हट्टी पहुंच कर वहां मवेशी खरीद बिक्री कर रहे पशुपालकों के साथ गलत शब्द इस्तेमाल की और मवेशियों को जब्त करने लगे. देखते ही देखते अफरा तफरी मच गई और हजारों की भीड़ एकट्ठी होने लगी जो इस घटना से आक्रोशित थे. पुलिस भीड़ के आक्रोश को देख कर शिवानी शर्मा और सिद्धांत दहिया की सुरक्षा हेतु बगल के बिशनपुर ओपी थाना ले गयी.
भीड़ में शामिल कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा तोड़ फोड़ एवं आगजनी की गयी. प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों के द्वारा बड़ी मुश्किल से हालात पर काबू पाया गया. एनजीओ के सदस्य शिवानी शर्मा, सिद्धांत दहिया वो अन्य के विरुद्ध मनौवर नईम द्वारा बहादुरगंज थाना में भादिव की धारा यूएस 323/295ए/279/384/153ए/341 के तहत कांड संख्या 252/18 दर्ज किया गया. परन्तु पुलिस द्वारा आरोपियों को थाने से ही बेल दे दिया गया है. वहीं तोड़ फोड़ एवं आगजनी मामले में कोचाधामन थाना कांड संख्या 156/18 दर्ज किया गया है जिसमें 75 नामजद एवं अज्ञात 1500-2000 व्यक्तियों को आरोपी बनाया गया है. जिसमें बहुत सारे निर्दोष लोगों को आरोपी बनाया गया है.
विधायक मुजाहिद आलम ने एक घंटे तक सीएम नीतीश कुमार को बारिकी से एक एक बिंदु की जानकारी देते हुए मांग की है कि मामले की उच्चस्तरीय जांच कराते हुए दोषी व्यक्तियों और पदाधिकारियों के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई की जायें और निर्दोष लोग रिहा किये जाए.
सीएम ने उच्चस्तरीय जांच किये जाने का दिया निर्देश
जिसपर त्वरित कार्रवाई करते हुए सीएम नीतीश कुमार ने तुरंत मौके पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव चंचल कुमार और गृह विभाग के प्रधान सचिव आमिर सुब्हानी को मौके पर तलब किया तथा कड़े लहजे में आदेश दिया कि घटना की उच्चस्तरीय जांच कराते हुए पता करें कि किस तरह से एनजीओ किशनगंज में आया? किसके आदेश पर पुलिस फोर्स के साथ एनजीओ के कार्यकर्ता बिशनपुर मवेशी हाट पहुंचे तथा जब बहादुरगंज थाना में गौ ज्ञान फाउंडेशन की शिवानी शर्मा और सिद्धांत दहिया पर भादवि की नन बेलेबल धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज हुई तो कैसे थाना से ही उन्हें छोड़ दिया गया़ साथ ही सीएम ने संबंधित पुलिस पदाधिकारीयों से एक्सप्लानेशन पूछने का कड़ा आदेश दिया है.
साथ ही यह भी कहा है कि ठीक ढंग से जांच करायें, जांच में जो भी लोग या पदाधिकारी दोषी पाये जाये या इसकी जद में आये उन्हें किसी भी कीमत में बख्शा नहीं जाय. किसी भी सूरत में निर्दोष लोग न फंसे और दोषियों को छोड़ा नहीं जाए.अंत में मुख्यमंत्री ने अपने प्रधान सचिव चंचल कुमार और गृह विभाग के प्रधान सचिव आमिर सुब्हानी को आदेश दिया कि इस तरह के सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाले एनजीओ की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखें एवं भविष्य में ऐसे एनजीओ पर प्रतिबंध लगा दें.
