चौथम में लोन दिलाने के नाम पर दर्जनों महिलाओं से लाखों रुपये की ठगी, ठग फरार

एक युवक सरकारी योजना के तहत सस्ता लोन दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी कर फरार हो गया है.

चौथम. थाना क्षेत्र के पूर्वी बोरने पंचायत के बरहरा गांव में लोन दिलाने के नाम पर दर्जनों महिलाओं से लाखों रुपये ठगी का मामला सामने आया है. पीड़ित महिलाओं ने जिला प्रशासन से न्याय की गुहार लगायी है. बरहरा गांव निवासी किरण देवी, सोनी देवी,सुंदर देवी, आशा देवी, उषा देवी, राधा देवी, रीता देवी, अनीता देवी, पूनम देवी, अंजू देवी सहित अन्य महिलाओं ने बताया कि एक युवक सरकारी योजना के तहत सस्ता लोन दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी कर फरार हो गया है. पीड़ित महिलाओं ने प्रशासन से मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई तथा ठगी की राशि वापस दिलाने की मांग की है. बताया कि दो माह पहले उनके मोबाइल पर एक कॉल आया था. कॉल करने वाले ने बताया कि एक विशेष योजना के तहत उनकी जाति के लोगों को दो लाख रुपये तक का लोन दिया जायेगा. जिसमें एक लाख रुपये माफ कर दिया जायेगा तथा शेष राशि चार वर्षों में चुकानी होगी. लोन की बात सुनकर सोनी देवी ने अपने जान-पहचान की अन्य महिलाओं को भी इसकी जानकारी दी. पीड़िता महिलाओं ने बताया कि दहमा खैरी खुटाह पंचायत के बनहर गांव निवासी भूपेंद्र कुमार उनके घर पहुंचा और सभी महिलाओं से मुलाकात कर लोन दिलाने का भरोसा दिया. ठग भूपेन्द्र ने कागजी प्रक्रिया और अन्य खर्च का हवाला देकर प्रत्येक महिला से दो से पांच हजार रुपये जमा करवा लिया. महिलाओं का आरोप है कि रुपये लेने के बाद भूपेंद्र कुमार ने कहा था कि 20 दिनों के भीतर सभी के खाते में लोन की राशि भेज दी जायेगी. लेकिन, एक महीने से अधिक समय बीत जाने के बाद भी किसी को लोन नहीं मिला. जब महिलाओं ने उससे संपर्क करने की कोशिश की तो वह टालमटोल करने लगा. बाद में पता चला कि उनके साथ ठगी की गयी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >