मानसी में वृद्ध महिला पर डायन का आरोप लगाकर मारपीट, जेवर और नकदी ले जाने का आरोप

गोगरी में डायन-प्रथा के नाम पर एक वृद्ध महिला को निशाना बनाया गया। मवेशी की तबीयत बिगड़ने पर महिला पर डायन होने का आरोप लगाकर जमकर पिटाई की गई और गहने-नकदी लूट ली गई। पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Khagaria Crime News: गोगरी (खगड़िया). मानसी थाना क्षेत्र के चैधा बांध गांव में वृद्ध महिला पर डायन होने का आरोप लगाकर कथित रूप से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है. पीड़िता मंजू देवी, पत्नी नाघो सिंह, ने थाने में लिखित आवेदन देकर तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

मवेशी की तबीयत खराब होने पर लगाया डायन का आरोप

जानकारी के अनुसार चैधा बांध गांव में किसी व्यक्ति या मवेशी की तबीयत बिगड़ने पर मंजू देवी पर कथित रूप से डायन होने का आरोप लगाया जाता था. पीड़िता का कहना है कि इसी तरह की बात को लेकर पहले भी उसके साथ गाली-गलौज की जाती थी.

घास लेकर घर लौटी थीं मंजू देवी

बताया गया कि बीते दिन मंजू देवी बहियार से अपने मवेशी के लिए घास लेकर घर लौटी थीं. इसी दौरान चैधा बांध निवासी बिपिन सिंह, प्रेमा देवी और पौरा थाना क्षेत्र के फुलवड़िया निवासी जगदीश सिंह की पत्नी चुनचुन देवी कथित रूप से लाठी-डंडे लेकर उनके घर पहुंचीं.

पीड़िता के अनुसार तीनों ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट शुरू कर दी.

मारपीट के दौरान डायन होने का लगाया आरोप

मंजू देवी के अनुसार जब उन्होंने मारपीट का कारण पूछा तो बिपिन सिंह ने कथित रूप से उन्हें डायन बताते हुए उनकी भगिनी की तबीयत खराब करने का आरोप लगाया. उस समय महिला के पति मजदूरी के सिलसिले में बाहर गए हुए थे.

जेवर और नकदी ले जाने का भी आरोप

पीड़िता ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उसके कान की सोने की बाली, बक्से में रखा कपड़ा और 3850 रुपये नकद भी ले लिए गए. घटना की जानकारी मिलने के बाद महिला के पति घर पहुंचे और पत्नी के साथ मानसी थाना जाकर पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी.

तीन लोगों पर प्राथमिकी, जांच जारी

Khagaria Crime News: पीड़िता के आवेदन के आधार पर पुलिस ने बिपिन सिंह, प्रेमा देवी और चुनचुन देवी को नामजद करते हुए प्राथमिकी दर्ज की है. मानसी थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रणवीर कुमार

रणवीर कुमार प्रिंट माध्यम में 13 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. गोगरी (खगड़िया) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >