Khagaria News: खगड़िया जिले के चौथम थाना क्षेत्र के फर्रेह गांव में एक शादी समारोह के दौरान बारातियों के साथ मारपीट की घटना सामने आई है. रविवार देर रात हुई इस घटना में तीन बाराती घायल हो गए. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपित वहां से फरार हो चुके थे. पुलिस ने कहा है कि आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
रात करीब ढाई बजे हुई मारपीट
जानकारी के अनुसार, बेलदौर वार्ड संख्या-12 से बारात चौथम थाना क्षेत्र के फर्रेह गांव निवासी रामलला तांती के यहां आई थी. शादी की रस्मों के बीच रात करीब 2:30 बजे कुछ असामाजिक तत्वों ने बारातियों के साथ मारपीट शुरू कर दी.
इस घटना में तीन लोग घायल हो गए. घायलों की पहचान पुलकित शर्मा के पुत्र रोहित कुमार (35 वर्ष), प्रीतम कुमार तथा नील कमल शर्मा के पुत्र शिवम कुमार (22 वर्ष) के रूप में हुई है. सभी घायल बेलदौर वार्ड संख्या-12 के निवासी बताए गए हैं.
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के दौरान लड़की पक्ष के परिजन मूकदर्शक बने रहे. मारपीट की सूचना मिलते ही चौथम थाना को जानकारी दी गई.
सूचना पर गश्ती दल में तैनात एसआई कुंदन सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया. हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही सभी आरोपित मौके से फरार हो चुके थे.
Khagaria News: आवेदन मिलने के बाद होगी कार्रवाई
चौथम थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि घटना की सूचना पुलिस को मिली है. पीड़ित पक्ष से आवेदन प्राप्त होने के बाद मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस घटना के कारणों और इसमें शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है.
Also Read: भागलपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगा गंगाजल: 15 करोड़ की लागत से बिछेगी पाइपलाइन, अगले महीने होगा काम
