गोगरी प्रखंड की पसराहा पंचायत स्थित सोनडीहा वार्ड नंबर 16 में भारतीय स्टेट बैंक के समीप भीषण जलजमाव से स्थानीय लोगों, राहगीरों और बैंक ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. इस मार्ग से गुजरने वाले स्कूली बच्चों और आम यात्रियों को बदबूदार एवं गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है.
जलजमाव से आवागमन प्रभावित
जलजमाव के कारण इस मार्ग पर आवागमन बाधित हो रहा है. वहीं, गंदे पानी के लंबे समय तक जमा रहने से बीमारियों के फैलने की आशंका भी बनी हुई है. स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले दो वर्षों से क्षेत्र के लोग इस समस्या से जूझ रहे हैं.
दस साल पहले बना नाला हुआ जाम
करीब 10 वर्ष पूर्व जिला परिषद के माध्यम से यहां जल निकासी के लिए नाले का निर्माण कराया गया था. समय के साथ नियमित सफाई नहीं होने के कारण नाले में भारी मात्रा में कचरा और मिट्टी भर गयी, जिससे वह पूरी तरह अवरुद्ध हो गया.
ग्रामीणों ने खुद की थी नाले की मरम्मत
गत वर्ष मानसून के दौरान ग्रामीणों ने आपसी सहयोग से नाले के कुछ हिस्से को तोड़कर उसकी मरम्मत की थी. इसके बाद पानी धीरे-धीरे निकलने लगा था और लोगों को कुछ राहत मिली थी.
सड़क निर्माण के बाद फिर बिगड़ी स्थिति
हाल ही में सड़क निर्माण कार्य में लगे संवेदक की लापरवाही से समस्या फिर गंभीर हो गयी. करीब एक माह पूर्व सड़क सुधार के नाम पर ईंटें बिछाकर उनके ऊपर छाई डाल दी गयी थी. बारिश के दौरान सड़क पर पड़ी छाई बहकर सीधे नाले में चली गयी, जिससे नाला दोबारा जाम हो गया.
बिखरी ईंटों से दुर्घटना का खतरा
नाला जाम होने के साथ सड़क पर बिछायी गयी ईंटें भी उखड़कर इधर-उधर बिखर गयी हैं. इससे मार्ग पर चलना मुश्किल हो गया है. स्थानीय लोगों के अनुसार, मोटरसाइकिल और साइकिल सवार आए दिन गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं.
नए पक्के नाले की मांग
सामाजिक कार्यकर्ता सियाराम सिंह ने बताया कि पहले बनाया गया नाला काफी छोटा और अधूरा था, जो अब कचरे से पूरी तरह पट चुका है. उन्होंने कहा कि जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए नया नाला बनाना जरूरी है.
मगुरजान धार तक नाला बनाने की मांग
सियाराम सिंह ने स्थानीय अधिकारी और प्रशासन से सड़क से लेकर मगुरजान धार तक नए और पक्के नाले का निर्माण शीघ्र कराने की मांग की है.
