KHAGARIA अगुवानी पहुंचे केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, बंगाल में एनडीए की जीत को बताया ऐतिहासिक
परबत्ता विधानसभा क्षेत्र के अगुवानी डुमरिया बुजुर्ग गांव में मंगलवार को केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान एवं खगड़िया सांसद राजेश वर्मा पहुंचे, जहां उन्होंने परबत्ता विधायक बाबूलाल शौर्य की दिवंगत दादी चंद्रकला देवी के तेल चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी.
खगड़िया से पलटु झा की रिपोर्ट :
परबत्ता विधानसभा क्षेत्र के अगुवानी डुमरिया बुजुर्ग गांव में मंगलवार को केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान एवं खगड़िया सांसद राजेश वर्मा पहुंचे, जहां उन्होंने परबत्ता विधायक बाबूलाल शौर्य की दिवंगत दादी चंद्रकला देवी के तेल चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे. पत्रकारों से बातचीत के दौरान केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने बंगाल चुनाव में एनडीए की जीत को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि बंगाल की जनता ने वर्ष 2029 के चुनाव की रूपरेखा तय कर दी है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की “सबका साथ, सबका विकास” की सोच, गृह मंत्री अमित शाह की रणनीति एवं एनडीए की एकजुटता ने यह बड़ी सफलता दिलाई है. साथ ही उन्होंने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को भी बधाई दी. चिराग पासवान ने कहा कि विपक्ष अब समाप्ति की ओर बढ़ रहा है. वहीं दिल्ली में बिहारी युवक की हत्या की घटना पर उन्होंने इसे “निर्मम एवं निंदनीय” बताया. उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर उन्होंने गृह मंत्री से मुलाकात कर पीड़ित परिवार को तत्काल सहायता दिलाने की मांग की है. उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों में बड़ी संख्या में बिहारी प्रवासी रहते हैं, ऐसे में एक “प्रवासी मंत्रालय” का गठन किया जाना चाहिए. साथ ही उन्होंने कहा कि जल्द ही इस मुद्दे को लेकर मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे तथा प्रवासी लोगों की सहायता के लिए एक हेल्पलाइन नंबर जारी करने की भी मांग उठाएंगे, ताकि विपरीत परिस्थितियों में बिहार के लोगों को त्वरित मदद मिल सके. वहीं भागलपुर में पुल गिरने की घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए चिराग पासवान ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया. उन्होंने कहा कि पुल वर्ष 2001 में बनकर तैयार हुआ था और यदि निर्माण अथवा रखरखाव में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए.