15 लाख रुपये की लागत से बने पीसीसी सड़क का नगर सभापति ने किया उदघाटन

योजनाबद्ध तरीके से समाधान किया जा रहा है.

खगड़िया. नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 14 में नवनिर्मित पीसीसी सड़क का नगर सभापति अर्चना कुमारी ने शनिवार को फीता काटकर उदघाटन किया. उद्घाटन कार्यक्रम की अध्यक्षता वार्ड पार्षद पप्पू यादव ने किया. नगर सभापति ने संबोधित करते हुए कहा कि वार्ड संख्या 14 में 15 लाख रुपये की लागत से पीसीसी सड़क का निर्माण किया गया है. नगर परिषद की विकासात्मक सोच और प्रतिबद्धता का एक महत्वपूर्ण उदाहरण है. अब शहर में विकास कार्य केवल योजनाओं तक सीमित नहीं, बल्कि जमीन पर तेजी से दिखाई दे रही है और आम जनता को उसका सीधा लाभ मिल रहा है. नगर सभापति ने कहा कि नगर परिषद का लक्ष्य है कि शहर के प्रत्येक वार्ड में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ किया जाए. उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है और जहां भी समस्या है, वहां योजनाबद्ध तरीके से समाधान किया जा रहा है. इस पीसीसी सड़क के निर्माण से अब क्षेत्र में आवागमन सुगम और सुरक्षित हो गया है. जलजमाव और कीचड़ की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी. जिससे न केवल दैनिक जीवन आसान होगा, बल्कि स्वच्छता व्यवस्था में भी सुधार आयेगा. इसके अलावे यह सड़क स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देने में सहायक सिद्ध होगी. नगर सभापति ने कहा कि वार्ड-14 में सड़क की स्थिति वर्षों से अत्यंत खराब बनी हुयी थी. कच्ची सड़क होने के कारण बरसात के दिनों में हालात बदतर हो जाता था. जगह-जगह कीचड़ और जलजमाव के कारण लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था. स्कूली बच्चों को स्कूल जाने में परेशानी होती थी, वहीं बुजुर्गों और मरीजों के लिए यह रास्ता जोखिम भरा बना रहता था. स्थानीय लोगों द्वारा जर्जर सड़क की समस्या को जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के समक्ष उठाया गया था. जिसके बाद नगर परिषद द्वारा इस दिशा में पहल करते हुए सड़क निर्माण कार्य को प्राथमिकता में शामिल किया गया. मौके पर पूर्व वार्ड पार्षद पूनम देवी, विनोद यादव गुगु, फूचो राम, सेमी नोनिया, ज्योति राम, विनो नोनिया, अमरेश कुमार पटेल, बिट्टू कुमार, नागेश्वर मल्लिक, जगदीश पंडित सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJKISHORE SINGH

RAJKISHORE SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >