KHAGRIA : अवैध वसूली का वीडियो वायरल होने पर अगुवानी घाट पर पदाधिकारी ने संभाला मोर्चा
खगड़िया गोगरी से रणवीर झा की रिपोर्ट :
अगुवानी गंगा घाट पर नाव से उतरने वाले सवारी के साथ बदसुलूकी और अवैध वसूली करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जिला प्रशासन हरकत में आया. गुरुवार को जिला प्रशासन के निर्देश पर खगड़िया एमवीआई आकांक्षा कुमारी , गोगरी एसडीओ संजय कुमार और परबत्ता पुलिस अगुवानी गंगा घाट पर पहुंचे और खुद पुलिस बल के जवानों नें मोर्चा संभालते हुए टिकट चेक करने लगे. इस दौरान अधिकारी नाव से सवारी को सुरक्षित और शांतिपूर्ण उतरने का निर्देश देते रहे. बता दें की बुधवार को नाव से मोटरसाईकिल को उतारने और चढ़ाने के नाम पर अगुवानी गंगा घाट पर नाविक के द्वारा लोगों से जबरन दस और बीस रूपये की अवैध वसूली किया जा रहा था और नहीं देने पर धक्का-मुक्की और हाथापाई के साथ बदसुलूकी किया जा रहा था जिसका वीडियो सोशल मिडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा था. इधर भागलपुर का विक्रमशिला पुल का स्लैब ढहने के बाद से अगुवानी सुल्तानगंज के बिच नाव पर काफी लोगों की भीड़ बढ़ गई है. जिसके कारण नाविक लोगों के साथ मनमानी पर उतर गए हैं.