कोसी कॉलेज परिसर में संचालित अन्य पिछड़ा वर्ग कल्याण छात्रावास एवं जननायक कर्पूरी ठाकुर छात्रावास, दुर्गापुर में शुक्रवार को अग्निशमन विभाग बेलदौर की टीम ने आग से सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया. इसमें छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और रसोइयों को आग लगने की स्थिति में बचाव के उपायों की जानकारी दी गयी.
मॉक ड्रिल से समझाया गैस पर काबू पाने का तरीका
अग्निशमन कर्मियों ने रसोई गैस में आग पकड़ने की स्थिति में उसे नियंत्रित करने के तरीकों को मॉक ड्रिल के माध्यम से समझाया. उन्होंने बताया कि आग लगने पर घबराने के बजाय तत्काल सुरक्षित तरीके से बचाव के उपाय अपनाने चाहिए.
धुआं भरने पर जमीन पर लेटकर निकलें
फायरमैन ने बताया कि घर या कमरे में आग लगने के दौरान यदि धुआं भर जाए तो घबराने के बजाय जमीन पर लेटकर सुरक्षित तरीके से बाहर निकलना चाहिए. खाना बनाते समय सूती कपड़े पहनने की भी सलाह दी गयी.
सावधानी से टल सकता है बड़ा नुकसान
अग्निशमन कर्मियों ने आग लगने के संभावित कारणों की जानकारी देते हुए कहा कि थोड़ी सी सावधानी बरतकर आग से होने वाले बड़े नुकसान को रोका जा सकता है. आग से बचाव के लिए सतर्कता ही सबसे बड़ा उपाय है.
छात्र-छात्राओं ने सीखी बचाव की तकनीक
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने आग से सुरक्षा से जुड़ी विभिन्न जानकारियां प्राप्त कीं और आपात स्थिति में अपनाये जाने वाले बचाव के तरीकों को समझा. मौके पर जिला पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण पदाधिकारी मनोज कुमार समेत छात्रावास के शिक्षक, रसोइया और दर्जनों छात्र-छात्राएं मौजूद थे.
